EPFO UPI Withdrawal: UPI से PF निकालने के लिए टेस्टिंग का काम पूरा; ये 4 बड़े फायदे नोट कर लीजिए

sureofficialmedia_admin
5 Min Read
EPFO completes testing for instant PF withdrawals via UPI, note 4 benefits

नौकरीपेशा लोग (Salaried Employees) बहुत जल्द UPI (Unified Payments Interface) के ज़रिए सीधे अपने प्रॉविडेंट फंड (PF) का पैसा निकाल सकेंगे. श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने पिछले महीने जानकारी दी थी कि इस सुविधा का टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका है. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ये कदम EPFO की ओर से अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने और अपने 7 करोड़ से ज़्यादा सदस्यों के लिए पैसों की निकासी को ज्यादा आसान बनाने की कोशिशों का हिस्सा है.

मांडविया ने कहा कि हमने उस सुविधा की टेस्टिंग पूरी कर ली है, जिसके ज़रिए EPFO के मेंबर्स UPI पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल करके अपने EPF का पैसा निकाल सकते हैं. निकाला गया पैसा सीधे मेंबर के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा.

श्रम मंत्रालय एक ऐसे सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसके तहत PF की बचत का एक हिस्सा फ्रीज (सुरक्षित) रहेगा, जबकि एक बड़ा हिस्सा UPI के ज़रिए सीधे जुड़े हुए बैंक खातों में निकालने के लिए उपलब्ध होगा.

ये 4 बड़े फायदे होंगे

इस कदम से देश के 7 करोड़ से ज्यादा EPFO मेंबर्स के लिए PF निकालना ज़्यादा तेज़, आसान और सुविधाजनक होगा. ये नया UPI-बेस्ड PF निकालने का सिस्टम कैसे काम करता है. इससे जुड़े 4 सबसे जरूरी फायदे समझ लीजिए.

  1. UPI से निकलेगा PF का पैसा
    EPFO मेंबर्स ये देख सकेंगे कि उनके PF बैलेंस में से कितनी रकम उनके लिंक्ड बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए उपलब्ध है. वे अपने लिंक्ड UPI PIN का इस्तेमाल करके इस लेन-देन को पूरा कर सकते हैं, जिससे पैसा सीधे उनके बैंक अकाउंट में बिल्कुल सुरक्षित ट्रांसफर हो सकेगा. एक बार पैसा ट्रांसफर होने के बाद, मेंबर इस रकम का इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट करने के लिए कर सकते हैं या फिर डेबिट कार्ड के ज़रिए बैंक ATM से कैश निकाल सकते हैं.
  2. लंबा इंतज़ार होगा खत्म
    अभी PF से पैसा निकालने की प्रक्रिया काफी थका देने वाली है. सबसे पहले EPFO मेंबर्स को विद्ड्रॉल क्लेम्स जमा करना होता है, इसके अप्रूवल में काफी लंबा समय लगता है, जो कि 15 दिनों का होता है, कभी कभी इससे भी ज्यादा वक्त लग जाता है. मगर, ऑटो-सेटलमेंट मैकेनिज्म के तहत, क्लेम की प्रोसेसिंग बिना किसी इंसानी दखल के इलेक्ट्रॉनिक तरीके से की जाती है और आवेदन करने के तीन दिनों के भीतर पैसा ट्रांसफर हो जाता है. ऑटो-सेटलमेंट के तहत पैसे निकालने की सीमा को पहले के 1 लाख रुपये से बढ़ाकर अब 5 लाख रुपये कर दिया गया है. ये बहुत बड़ी राहत है. कई मौकों पर पैसों की अचानक जरूरत होती है जैसे- बीमारी, पढ़ाई, शादी और घर जैसे कामों के लिए. ऐसे में तीन दिनों के भीतर मेंबर्स अपने पैसे निकाल सकते हैं.
  3. WhatsApp पर EPFO अपडेट्स
    EPFO सदस्यों के लिए सेवाओं को आसान बनाने, उन तक अपनी पहुंच को बेहतर बनाने के लिए वॉट्सऐप का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है. मेंबर्स को EPFO के साथ बातचीत शुरू करने के लिए उसके वेरिफाइड वॉट्सऐप नंबर (जिस पर ग्रीन टिक होगा) पर बस एक ‘Hello’ मैसेज भेजना होगा. मेंबर्स के पास EPFO से जुड़े अपडेट्स सीधे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर पाने का ऑप्शन भी होगा. ये बातचीत लोकल और क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी ताकि यूज़र्स अपनी पसंदीदा भाषा में ज़्यादा आसानी और आराम से बातचीत कर सकें.
  4. अटके मामलों पर ख़ास ध्यान
    व्हाट्सऐप पहल के तहत शुरुआत में उन सदस्यों की मदद की जाएगी जो प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना (PMVBRY) के तहत पात्र (eligible) हैं और जिन्हें कुछ खास समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. जैसे UIDAI की फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी के ज़रिए आधार वेरिफिकेशन पूरा न होना या आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) का चालू नहीं हो पाना. इन समस्याओं के हल के लिए सदस्यों को सीधे वॉट्सऐप के ज़रिए सपोर्ट मिलेगा. व्हाट्सऐप सेवा का इस्तेमाल आप PF बैलेंस देखने, पिछले 5 लेनदेन की जांच करने, क्लेम स्टेटस को ट्रैक करने में कर सकेंगे, इसके अलावा EPFO की दूसरी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए भी गाइड करेगी.

UPI-बेस्ड PF निकालने की ये सुविधा देश में EPFO की सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है. डिजिटल प्लेटफॉर्म के ज़रिए PF की बचत तक तेज़ी से पहुंच बनाकर, सरकार का मकसद लाखों नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए सुविधा को बढ़ाना, देरी को कम करना और पैसों की ज़रूरत को आसान बनाना है.

Share This Article