अगर आप भी वीजा के क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है. वीजा ने भारत में अपने प्लेटिनम और क्लासिक कंज्यूमर क्रेडिट-डेबिट कार्ड ग्राहकों के लिए फायदों की एक नई लिस्ट का ऐलान किया है. जिसमें रोज़मर्रा के खर्चों पर हमेशा मिलने वाले फ़ायदों के साथ ही आसानी से रिडिम्पशन और ज़्यादा मर्चेंट तक पहुंच जैसे फायदे भी दिए जाएंगे. कंपनी का कहना है कि इस अपडेटेड ऑफर को उनके कार्ड बेस पर बड़े पैमाने पर लागू किया जाएगा, जिसका फायदा भारत में 29 करोड़ से ज्यादा कार्डहोल्डर्स को मिलेगा.
क्या फायदे मिलेंगे?
वीजा का कहना है कि नए बेनेफिट स्ट्रक्चर को इस तरह बनाया गया है कि रोजमर्रा के खर्चों पर मिलने वाले फायदों को एक जगह लाया जा सके और कस्टमर डिजिटल और फिजिकल दोनों ही तरीकों से इन ऑफर्स का फायदा ले सकें. जैसे फूड डिलीवरी, ई-कॉमर्स, OTT प्लेटफॉर्म, ट्रैवल और रिटेल जैसे अक्सर इस्तेमाल होने वाले सेक्टर्स में एक साथ कई बेनेफिट मिलेंगे. चाहे आप ऑनलाइन शॉपिंग करें या फिर ऑफलाइन.
इस प्रोग्राम के तहत, वीज़ा ने कई मर्चेंट्स और प्लेटफॉर्म्स के साथ साझेदारी की है, जिनमें फूड और ग्रॉसरी के लिए Swiggy, Zepto और Instamart और ट्रैवेल के लिए Abhibus शामिल है.
जबकि रिटेल शॉपिंग के लिए लाइफस्टाइल Lifestyle, Shoppers Stop, Max, Lulu और More और Star Bazaar जैसे बड़े नाम शामिल हैं. एंटरटेनमेंट के लिए SonyLIV और Zee5 के साथ पार्टनरशिप की गई है.
मतलब ये कि अगर आपके पास वीज़ा का प्लेटिनम या क्लासिक कार्ड है, तो अब आपको स्विगी से खाना मंगाने, ज़ेप्टो से घर का राशन लेने या फिर मॉल में शॉपिंग करने पर सीधे ऑफर्स और डिस्काउंट का फायदा उठा सकेंगे.
इस ऑफर से वीजा कार्ड होल्डर्स रोजाना की चीजे और कभी-कभार होने वाले खर्चों पर फ़ायदा उठा सकते हैं. पात्र ग्राहक नया क्रेडिट कार्ड मिलने पर ₹250 तक का वेलकम वाउचर पा सकते हैं और साथ ही इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाउंज की सुविधाओं का भी फायदा उठा सकते हैं.
वीज़ा का कहना है कि ये पहल उसके मौजूदा मर्चेंट नेटवर्क पर आधारित है और इसका मकसद भारत में ग्राहकों की बदलती पेमेंट प्राथमिकताओं के बीच, कार्डहोल्डर्स के लिए अलग-अलग तरह की सुविधाएं और ऑफ़र देने में इश्युअर बैंकों की मदद करना है.
तेज़ी से बढ़ता क्रेडिट कार्ड का चलन
भारत में क्रेडिट कार्ड का चलने बीते 5 साल में काफी तेजी से बढ़ा है. क्रेडिट कार्ड स्पेंडिंग में लगातार बढ़ोतरी आ रही है. Care Edge रेटिंग्स की एक रिपोर्ट बताती है कि सितंबर 2025 में क्रेडिट कार्ड से खर्च सालाना 23% बढ़कर 2.17 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो कि साल 2020 के बाद ऑल टाइम हाई है.
डेटा बताता है कि लोगों ने धड़ल्ले से क्रेडिट कार्ड खरीदा है, क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या सितंबर 2024 के 10.6 करोड़ से बढ़कर सितंबर 2025 में 11.3 करोड़ तक पहुंच गई और 2026 में ये 11.9 करोड़ के करीब है. और इसके सबसे बड़े खिलाड़ी हैं HDFC Bank, SBI Cards, ICICI Bank और Axis Bank हैं.

