MTAR Technologies Ltd. के शेयरों में गुरुवार को ज़ोरदार गिरावट देखने को मिल रही है. इंट्राडे में ये शेयर 10% से ज्यादा टूटकर 6,330 रुपये पर आ गया. शेयर अब अपने 52 हफ्ते के हाई
8,449.50 से 25% टूट चुका है.
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह यह है कि अमेरिका (US) में इसके सबसे बड़े विदेशी ग्राहकों में से एक कंपनी को एक बड़ा झटका (Setback) लगा है, जिससे MTAR Tech के निवेशक थोड़े घबरा गए हैं और वे बिकवाली कर रहे हैं।
क्यों आई गिरावट?
MTAR के शेयरों में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह ये है कि अमेरिका में इसका एक बहुत प्रमुख ग्लोबल क्लाइंट है Bloom Energy, जिसे बड़ा झटका लगा है. ये अमेरिका की एक बड़ी क्लीन एनर्जी कंपनी है, जो फ्यूल सेल्स की मैन्युफैक्चरिंग करती है. MTAR Tech इस अमेरिकी कंपनी को बेहद ज़रूरी उपकरणों की सप्लाई करती है.
अब हुआ ये है कि हाल ही में, ब्लूम एनर्जी को अमेरिका में कुछ रेगुलेटरी और कॉरपोरेट दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खबर है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर की मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ा एक Crusoe Energy डेटा-सेंटर प्रोजेक्ट रोक दिया गया है. जिससे इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई है कि ब्लूम एनर्जी के कमर्शियल फ्यूल-सेल पाइपलाइन का काम के पूरा होने में अब देरी हो सकती है.
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक क्रूसो एनर्जी जो कि OpenAI और Microsoft जैसी कंपनियों के लिए डेटा सेंटर डेवलप करती है. इसने चेयेने, व्योमिंग (Cheyenne, Wyoming) में 1.8-गीगावाट डेटा सेंटर कैंपस पर काम रोक दिया है. इस प्रोजेक्ट को ग्रिड बिजली के साथ-साथ ब्लूम एनर्जी के 900 मेगावाट के फ्यूल-सेल्स बिजली दी जानी थी.
आसान शब्दों में ये समझ लीजिए कि आजकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की टेक्नोलॉजी के लिए बड़े-बड़े डेटा-सेंटर्स बनाए जा रहे हैं. ऐसा ही एक बड़ा डेटा-सेंटर प्रोजेक्ट अमेरिका की कंपनी ‘क्रूसो एनर्जी’ बना रही थी, जिसे फिलहाल रोक दिया गया है. इस खबर के बाद अमेरिका में लिस्टेड इस कंपनी के शेयर भी 10% तक टूट गए.
निवेशकों में घबराहट
अब चूंकि MTAR टेक्नोलॉजीज, ब्लूम एनर्जी के लिए मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर के रूप में काम करती है. इस डेटा-सेंटर को पावर सप्लाई के लिए ब्लूम एनर्जी अपने फ्यूल-सेल्स सप्लाई करने वाली थी. और MTAR टेक्नोलॉजीज ही ब्लूम एनर्जी के लिए इन फ्यूल-सेल्स के जरूरी पुर्जों की मैन्युफैक्चरिंग करती है. इसलिए जब ब्लूम एनर्जी का प्रोजेक्ट रुका तो इसका सीधा असर MTAR पर पड़ा, MTAR के निवेशकों ने घबराहट में धड़ाधड़ शेयरों की बिक्री शुरू कर दी.
दरअसल, निवेशकों में ये घबराहट ऐसे ही नहीं है. ब्लूम एनर्जी के लिए MTAR – हॉट बॉक्स असेंबली और फ्यूल सेल सिस्टम बनाती है. सबसे बड़ी चिंता ही इस बात को लेकर है कि MTAR कुल कमाई का करीब 50% से 60% हिस्सा अकेले इसी एक क्लाइंट ब्लूम एनर्जी से ही आता है. इसलिए ब्लूम एनर्जी के साथ कुछ भी घटित होता है तो इसका सीधा असर MTAR पर आता है. इस बार भी यही हुआ है.
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस डेटा सेंटर्स और क्लीन एनर्जी अब दुनिया का भविष्य है. इसलिए इससे जुड़े सेक्टर्स के पास तरक्की के ढेरों मौके हैं. इसकी डिमांड बहुत तेजी से बढ़ रही है. ये बात MTAR भी अच्छी तरह से जानती है. इसलिए बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए MTAR अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता धीरे-धीरे बढ़ा रही है. इसलिए क्षमता को 8,000 यूनिट्स से बढ़ाकर सीधे 20,000 यूनिट्स तक ले जाने का प्लान बनाया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा ऑर्डर्स समय पर पूरे किए जा सकें.
MTAR Tech का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड
इस खबर के आने के बाद से पिछले दो दिनों में MTAR Tech का शेयर करीब 14% से ज्यादा टूट चुका है. मगर जब थोड़ा पीछे मुड़कर देखते हैं तो इस शेयर का ट्रैक रिकॉर्ड काफी कमाल का है
साल 2026 में अबतक 174% चढ़ चुका है. जबकि एक साल के दौरान इसने निवेशकों को 280% से ज्यादा का रिटर्न दिया है. बीते 3 साल में इस शेयर ने 241% का रिटर्न दिया है और 5 साल में ये शेयर 539% तक रिटर्न दे चुका है.

