11% टूटने के बाद 13% से ज्यादा चढ़ा MTAR Tech का शेयर, क्या है इस रिबाउंड के पीछे की कहानी

sureofficialmedia_admin
4 Min Read
MTAR Tech Jumps 13 percent After 11 percent Crash

गुरुवार को 11% टूटने के बाद MTAR Technologies के शेयर शुक्रवार, 12 जून को 13% से ज्यादा चढ़ गए. दोपहर 2 बजे तक शेयर 13.6% की मजबूती के साथ 7,129.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. लेकिन ऐसा क्या हुआ कि एक दिन पहले तक जो शेयर औंधे मुंह गिर रहा था, अचानक से उसने पलटी मार ली.

गुरुवार को MTAR Technologies का शेयर इसलिए टूटा था क्योंकि रिपोर्ट्स थीं कि उसके सबसे प्रमुख ग्लोबल क्लाइंट ‘ब्लूम एनर्जी’ के एक डेटा सेंटर प्रोजेक्ट को अमेरिका में झटका लगा है, कुछ रेगुलेटरी और कॉरपोरेट दिक्कतों की वजह से प्रोजेक्ट के पूरा होने में देरी हो सकती है.

सफाई के बाद शेयर में लौटी तेज़ी

लेकिन, शुक्रवार MTAR के मैनेजमेंट ने खुद ये साफ किया है कि उसके ग्लोबल क्लाइंट से जुड़ा डेटा सेंटर प्रोजेक्ट साल 2028 तक पूरी होने की राह पर है. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीनिवास रेड्डी ने CNBC-TV18 को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि MTAR Tech को ‘ब्लूम एनर्जी’ से डेटा सेंटर प्रोजेक्ट को रोकने के बारे में कोई सूचना या जानकारी नहीं मिली है. प्रोजेक्ट में देरी की बात कहने वाली रिपोर्ट्स पूरी तरह से सिर्फ अटकलें हैं. जहां तक हमारा सवाल है, इसमें कोई देरी नहीं है. हम पूरी तरह से तय समय पर चल रहे हैं.

कंपनी की ओर से आई सफाई के बाद ही, दोपहर 1 बजे के बाद MTAR Tech के शेयरों में जोरदार तेजी लौटी और 13% उछलकर 7,170 रुपये पर पहुंच गया. जबकि इसके पहले दो ट्रेडिंग सेशन में ये 18% से ज्यादा टूट चुका था.

इसके पहले क्रूसो एनर्जी (Crusoe Energy) की ओर से कहा गया था कि व्योमिंग में 1.8 गीगावाट के डेटा सेंटर प्रोजेक्ट पर काम रोका गया है, जिसके बाद ही गुरुवार को MTAR Tech के शेयर 11% से ज्यायदा की गिरावट देखने को मिली थी. इस प्रोजेक्ट में ब्लूम एनर्जी के फ्यूल सेल्स का इस्तेमाल किया जाना था. ये सेल्स MTAR की सप्लाई करती है.

क्यों टूटा था शेयर?

ब्लूम एनर्जी MTAR के लिए एक बहुत अहम क्लाइंट है, क्योंकि MTAR अपनी सालाना कमाई का लगभग 50-60% हिस्सा ब्लूम एनर्जी को सॉलिड ऑक्साइड फ्यूल सेल्स और सॉलिड ऑक्साइड इलेक्ट्रोलाइज़र की सप्लाई करके कमाती है. अगर काम रुकता या इसमें देरी होती तो इसका सीधा खामियाजा MTAR को भुगतना पड़ता. ऑर्डर में कटौती होती तो रेवेन्यू भी गिरता.

हालांकि गुरुवार को ही इस प्रोजेक्ट से जुड़ी एक दूसरी कंपनी ब्लैक हिल्स कॉर्प ने कहा कि व्योमिंग में प्रोजेक्ट को रोका नहीं गया है और काम चालू है, इस डेटा सेंटर में सर्विसेज 2028 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है. जब ये रिपोर्ट आई तो सेंटीमेंट पूरी तरह से पॉजिटिव हो गए और MTAR के शेयरों में सुधार देखने को मिलने लगा.

MTAR Technologies के शेयर प्राइस में एक महीने में 13% की बढ़ोतरी हुई है और इसने तीन महीनों में 100% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है. इस डिफेंस स्टॉक में इस साल की शुरुआत से अब तक 200% का उछाल आया है, जबकि पिछले एक साल में यह 320% बढ़ा है. 3 साल में इसने 265% का धमाकेदार रिटर्न दिया है और बीते 5 साल में ये 587% तक रिटर्न दे चुकी है

Share This Article