ईरान और अमेरिका के बीच समझौते की खबर के बाद कच्चे तेल की कीमतें मंगलवार को लगातार दूसरे दिन 5% टूटी हैं. इस समझौते के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के खुलने की उम्मीद बढ़ गई है. इससे दुनिया में 20% कच्चे तेल की आवाजाही एक बार फिर से सुचारू रूप से शुरू हो पाएगी. बुधवार को भी ब्रेंट क्रूड 0.25% की सुस्ती के साथ 79 डॉलर प्रति बैरल के नीचे ट्रेड कर रहा है. WTI क्रूड भी 76 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल चुका है, दोनों ही बेंचमार्क 3 महीने के निचले स्तर पर पहुंच चुके हैं.
बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में हल्का सा सुधार देखने को मिला, क्योंकि ताज़ा आंकड़ों से ये पता चला कि अमेरिका में क्रूड का भंडार गिरा है,भंडार में इस कमी का मतलब ये है कि दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ता यानी अमेरिका में तेल की मजबूत और असली मांग बनी हुई है. अमेरिकन पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट (API) की रिपोर्ट के मुताबिक क्रूड का भंडार 12 जून को खत्म हफ्ते में 8.33 मिलियन बैरल कम हुआ है, जबकि अनुमान सिर्फ 4.5 मिलियन बैरल का था. हालांकि गैसोलिन की इन्वेंट्री 2.48 मिलियन बढ़ी है.
निसान सिक्योरिटीज की एक यूनिट ‘निसान सिक्योरिटीज इन्वेस्टमेंट’ के चीफ स्ट्रैटेजिस्ट हिरोयुकी किकुकावा कहते हैं कि ईरान और अमेरिका के बीच समझौते के बाद ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज का रास्ता फिर से खुलने की उम्मीद से तेल की कीमतों में नरमी आई, हालांकि, ट्रेडर्स आगे की बिकवाली करने से पहले इस समझौते की पूरी डिटेल्स चाहते हैं. वो कहते हैं कि WTI क्रूड की कीमत $80 प्रति बैरल के आसपास बनी रहेगी और इसमें $10 ऊपर या नीचे का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
LNG उत्पादन तेज करेगा कतर
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने का इंतज़ार कतर को भी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कतर ने पूरी योजना बना रखी है कि जैसे ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता खुलेगा, वो LNG की सप्लाई का उत्पादन बहुत तेज़ी के साथ बढ़ाएगा. कतर का लक्ष्य है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने के दो महीने के भीतर ही वो अपनी एक्सपोर्ट क्षमता को पहले जैसा सामान्य कर लेगा. अगर कतर ऐसा करता है, तो दुनिया भर में LNG की कीमतों में गिरावट भी आ सकती है.
सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कतर की सरकारी गैस कंपनी QatarEnergy ने अपने खरीदारों से कहा है कि वो एक महीने के भीतर अपनी कुल उत्पादन क्षमता का लगभग 50% हिस्सा चालू कर देगी और 2 महीने में इसे बढ़ाकर 80% तक कर देगी. बाकी बची हुई उत्पादन क्षमता जो कि दो बड़े प्रोडक्शन प्लांट्स यानी ‘ट्रेन्स’ के बराबर है, उसको पूरी तरह से ठीक करने में कई साल लग सकते हैं क्योंकि मार्च में ईरान के मिसाइल हमलों की वजह से इन प्लांट्स को काफी नुकसान पहुंचा था.
शुक्रवार को खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ये दावा कर रहे हैं कि शुक्रवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुल जाएगा, एक समझौता ईरान के साथ स्विट्जरलैंड में किया जाना है. इस समझौते पर दस्तखते होती ही ईरान के परमाणु हथियार बनाने पर रोक लगेगी और ईरान को तुरंत अपना तेल बेचने की मंजूरी मिल जाएगी. इस डील के तहत अमेरिका ईरान के पोर्ट्स से अपनी नाकाबंदी को हटाएगा और ईरान भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाएगा.

