इस महीने प्राइमरी मार्केट में IPOs की लंबी फेहरिस्त है. पिछले हफ्ते 15 जून से 19 जूने के बीच कुल 8 IPOs ने बाज़ार में दस्तक दी थी, लेकिन जून के बाकी बचे दिनों में कुल 12 IPOs पाइपलाइन में हैं, जिसमें से 8 SME हैं जबकि बाकी 4 मेनबोर्ड हैं.
जो IPO पिछले हफ्ते आए थे, उनमें से इकलौता मेनबोर्ड Turtlemint Fintech Solutions का IPO 19 जून को खुला था और 23 जून को ये बंद होगा. यानी अगर आप इसको सब्सक्राइब करना चाहते हैं तो आपके पास अभी एक दिन का मौका है. 882.67 करोड़ रुपये के इस इश्यू का प्राइस बैंड ₹144-₹152 है. ये अपने दूसरे दिन अबतक 50% सब्सक्राइब हो चुका है. इसका अलॉटमेंट 24 जून को होने की उम्मीद है. इसकी NSE, BSE पर लिस्टिंग 29 जून को होने की संभावना है. अपर प्राइस बैंड पर इसकी मार्केट कैप ₹4,476 करोड़ रुपये है.
चलिए अब बात करते हैं इस हफ्ते आने वाले IPOs की, जो गिनती में तो 9 हैं, लेकिन मेनबोर्ड 3 ही हैं. आपको इन IPOs में आपको पैसा डालना चाहिए या नहीं, इसका फैसला आप IPOs के बारे में पूरी जानकारी लेने के बाद कर सकते हैं.
Waterways Leisure Tourism IPO
इस हफ्ते खुलने वाले IPOs में सबसे बड़ा इश्यू है Waterways Leisure Tourism का, जो कि Cordelia Cruises की ऑपरेटर कंपनी है. IPO 23 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा. शेयरों के अलॉटमेंट 29 जून तक फाइनल होने की उम्मीद है और 1 जुलाई को ये दोनों ही एक्सचेंज पर लिस्ट हो सकती है.
इसका इश्यू साइजड 585 करोड़ रुपये का है, इसमें 72,40,099 नए शेयर जारी किए जाएंगे. प्राइस बैंड ₹769-₹808 प्रति शेयर तय किया गया है. इसका लॉट साइज 18 शेयरों का है, मतलब कि अपर प्राइस बैंड पर रिटेल निवेशकों को कम से कम ₹14,544 रुपये देने होंगे. इसमें कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा.
Advit Jewels IPO
दूसरा मेनबोर्ड IPO है Advit Jewels का. ये जयपुर बेस्ड ज्वेलरी कंपनी है, जो कि 2019 में ही बनी है. ये हैंडक्राफ्ट फाइन ज्वेलरी के लिए जानी जाती है. ये “Rambhajo” के ब्रैंड नाम से अपनी ज्वेलरी बेचती है.
कंपनी इश्यू के लिए प्राइस बैंड 130-138 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इश्यू साइज 165 करोड़ रुपये का है, जो कि 23 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा. इसमें 1.19 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे. 100 शेयरों का लॉट साइज है, यानी अपर प्राइस बैंड पर कम से कम रिटेल निवेशकों को 13,800 रुपये देने होंगे. अपर प्राइस बैंड पर इसकी मार्केट कैप ₹632.18 करोड़ बैठती है. 29 जुलाई तक इसका अलॉटमेंट हो सकता है. BSE, NSE पर इसकी लिस्टिंग 1 जुलाई 2026 को होने की उम्मीद है.
कंपनी के मुताबिक इश्यू से मिले पैसों का इस्तेमाल कई कामों में किया जाएगा. 65 करोड़ रुपये का का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की ज़रूरतों को पूरा करने में किया जाएगा, साथ ही 65 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में होगा. बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट खर्चों में होगा.
CSM Technologies IPO
IT सर्विसेज़ देने वाली कंपनी CSM टेक्नोलॉजीज भी इसी हफ्ते मार्केट में कदम रखने वाली है. 146 करोड़ रुपये का ये IPO 24 जून को खुलेगा और 29 जून को बंद होगा. CSM टेक्नोलॉजीज IPO का प्राइस बैंड 107-113 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. लॉट साइज 132 शेयरों का है. यानी न्यूनतम निवेश रिटेल निवेशकों के लिए 14,916 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. इश्यू पूरी तरह से फ्रेश इश्यू है, जिसमें 1.29 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे. 2 जुलाई को ये दोनों एक्सचेंज पर लिस्ट हो सकता है.
इसलिए अगर आप भी IPO में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो आपको ये तीन विकल्प इस हफ्ते हैं. इसके बाद Aastha Spintex Ltd. का IPO इस महीने के आखिर में 29 जून को खुलेगा. हालांकि ज्यादातर निवेशकों को इस वक्त NSE, जियो प्लेटफॉर्म्स, जेप्टो के IPOs का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन इनके बारे में अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि ये इश्यू कब से आएंगे, इनकी तारीखों का ऐलान होना बाकी है.

