Advit Jewels Listing: निवेशक हुए मालामाल; इश्यू प्राइस से 37% प्रीमियम पर हुआ लिस्ट, फिर लगा लोअर सर्किट

sureofficialmedia_admin
4 Min Read
Advit Jewels Makes Blockbuster Debut

अद्वित ज्वेल्स (Advit Jewels) की शेयर बाज़ार में धमाकेदार एंट्री हुई है. बुधवार को NSE पर इसके शेयर IPO प्राइस से 36.88% प्रीमियम के साथ 188.90 रुपये प्रति शेयर पर लिस्ट हुए हैं. इसका इश्यू प्राइस 138 रुपये प्रति शेयर था. BSE पर इसकी लिस्टिंग 35.51% प्रीमियम के साथ 187 रुपये पर हुई है. यानी कंपनी ने पहले ही दिन अपने IPO निवेशकों को मालामाल कर दिया है.

लिस्टिंग के बाद 165.16 करोड़ रुपये वाले इस इश्यू का मार्केट कैप 856.65 करोड़ रुपये पहुंच गया. अद्वित ज्वेल्स की लिस्टिंग ग्रे मार्केट में इसे लेकर बने उत्साह के मुताबिक ही रही है. ग्रे मार्केट में 35% लिस्टिंग गेन का अनुमान जताया गया था. क्योंकि इसके इश्यू को सभी कैटेगरी में बंपर रिस्पॉन्स मिला था, इश्यू 212.63 गुना सब्सक्राइब हुआ था.

बंपर लिस्टिंग के बाद भी ये शेयर उछला और इसने NSE पर 192 रुपये का हाई बनाया. मगर इसके बाद, हल्की मुनाफावसूली देखने को मिल रही है, फिलहाल इसमें 5% का लोअर सर्किट लगा है और ये फिसलकर 179.40 रुपये पर आ गया.

इश्यू को मिला बंपर रिस्पॉन्स

इश्यू को सभी कैटेगरी में बंपर रिस्पॉन्स मिला था, इश्यू 212.63 गुना सब्सक्राइब हुआ था. जो कि इसे इस साल का सबसे दमदार IPO बनाता है. गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा 536.38 गुना भरा था, जिसने इस इश्यू में जान डाली. QIB कैटेगरी भी 174.98 गुना सब्सक्राइब हुई थी. जबकि रिटेल हिस्सा 95.30 गुना सब्सक्राइब हुआ था. इसने एंकर निवेशकों से भी 49.52 करोड़ रुपये जुटाए थे.

कहां होगा पैसों का इस्तेमाल

इश्यू से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी खासतौर पर दो कामों में करेगी. 65 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्जों को चुकाने में किया जाएगा. 65 करोड़ रुपये ही दूसरे कॉरपोरेट खर्चों के लिए होंगे.

क्या करती है कंपनी

देश में ज्वेलरी ब्रांड्स और कंपनियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन Advit Jewels का काम दूसरों से काफी अलग और अनोखा है. कंपनी पारंपरिक और आज के आधुनिक दौर के बेहतरीन हस्तनिर्मित गहने बनाने और बेचने का कारोबार करती है. ज्वेलरी के खास और स्पेशलाइज्ड सेगमेंट पर फोकस होने की वजह से इसने मार्केट में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है.

कंपनी बड़े पैमाने पर मशीन से बनने वाले गहनों के बजाय हाथ से तैयार किए गए महीन और बेहतरीन ज्वेलरी सेगमेंट में काम करती है, जो इसे दूसरों से अलग बनाता है. इसके पोर्टफोलियो में मुख्य रूप से कुंदन, पोलकी, डायमंड और रंग-बिरंगे पत्थरों (Coloured Stones) से सजे शानदार डिज़ाइन शामिल हैं. शायद यही वजह है कि एक यूनीक ज्वेलरी बिज़नेस को देखते हुए निवेशकों ने इस IPO को इतना बंपर रिस्पॉन्स दिया.

जयपुर में कंपनी का अपना कारखाना है. यहां के कुशल कारीगर कीमतों पत्थरों का तराशकर इसमें जान डालकर बेशकीमती गहनों का रूप देते हैं. कंपनी का मुख्य बिजनेस ‘बिजनेस-टू-बिजनेस’ (B2B) मॉडल पर चलता है, मतलब ये दूसरी बड़ी कंपनियों या शोरूम्स को थोक में सप्लाई करती है.

साथ ही, ‘बिजनेस-टू-कंज्यूमर’ (B2C) यानी सीधे ग्राहकों के लिए कंपनी ऑर्डर पर ज्वेलरी बनाती है. कंपनी का अपना कोई स्टोर नहीं है, लेकिन भविष्य में ये अपना फ्लैगशिप स्टोर भी खोलेंगे.

Share This Article