June GST Collections: जून में GST कलेक्शन 14% बढ़कर ₹1.95 लाख करोड़ पहुंचा, 13 महीनों में सबसे तेज ग्रोथ

sureofficialmedia_admin
4 Min Read
June GST Collections Surge 14 percent to Rs 1-95 Lakh Crore

GST कलेक्शन के मामले में एक बार फिर नया रिकॉर्ड बना है. जून के महीने में देश का GST कलेक्शन की रफ्तार 13 महीनों में सबसे ज्यादा रही है. वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जून 2026 का GST कलेक्शन 13.9% बढ़कर 1,94,812 करोड़ रुपये रहा है, जो कि पिछले साल जून 2025 में 1,71,105 करोड़ रुपये रहा था. जबकि इसके ठीक एक महीना पहले यानी मई 2026 में GST कलेक्शन सालाना आधार पर सिर्फ 3.2% ही बढ़ा था.

जून में GST कलेक्शन मई 2025 के बाद सालाना आधार सबसे मजबूत है, तब GST कलेक्शन 16.4% बढ़ा था. रिफंड्स को एडजस्ट करने के बाद नेट GST कलेक्शन 11.2% बढ़ा है और 1,62, 377 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, जो कि पिछले साल जून के महीने में 1,45,984 करोड़ रुपये था.

मासिक आधार पर GST कलेक्शन

GST कलेक्शन में आए इस तेज़ उछाल की सबसे बड़ी वजह इंपोर्ट के जरिए हुई कमाई है. डेटा के मुताबिक जून के महीने के दौरान इंपोर्ट-बेस्ड टैक्स कलेक्शन और घरेलू टैक्स कलेक्शन में एक गैप देखने को मिलता है, मतलब एक्सटर्नल ट्रेड का योगदान GST कलेक्शन में ज्यादा देखने को मिला है.

पिछले साल जून में 1,26,506 करोड़ रुपये के मुकाबले, इस साल ग्रॉस डोमेस्टिक रेवेन्यू सिर्फ 6.5% बढ़कर 1,34,774 करोड़ रुपये रहा है. जबकि इंपोर्ट बेस्ड GST कलेक्शन 34.6% उछलकर 60,038 करोड़ रुपये रहा है, इसके पिछले साल में ये 44,600 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था.

GST रिफंड भी बढ़ा

रिफंड को एडजस्ट करने के बाद नेट GST कलेक्शन 11.2% बढ़कर 1.62 लाख करोड़ रुपये पहुंचा है. जबकि इस बार रिफंड का भुगतान भी इस बार ज्यादा रहा है. कुल रिफंड सालाना आधार पर 29.1% बढ़कर 32,436 करोड़ रुपये हो गया, जिसने ग्रॉस कलेक्शन से होने वाले मुनाफे पर थोड़ा असर डाला है. पिछले साल इसी महीने में रिफंड 25,121 करोड़ रुपये रहा था. रिफंड का फायदा कारोबारियों को मिलता है, क्योंकि इससे उनकी लिक्विडिटी की समस्या दूर होती है.

तिमाही आधार पर GST कलेक्शन

अगर तिमाही आधार पर देखें यानी, अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान ग्रॉस GST कलेक्शन सालाना आधार पर 8.4% बढ़कर 6,31,699 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि इसी तिमाही के दौरान पिछले वित्त वर्ष में ये 5,82,542 करोड़ रुपये रहा था. जून तिमाही के दौरान नेट GST कलेक्शन 7.1% बढ़कर 5,40,218 करोड़ रुपये रहा. अप्रैल-जून 2026 की तिमाही के दौरान घरेलू GST कलेक्शन 2.8% बढ़कर 4,54,427 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. जबकि इंपोर्ट से जुड़ा GST रेवेन्यू 26.2% उछलकर 1,77,273 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.

राज्यों का प्रदर्शन

GST कलेक्शन के मामले में इस बार भी चैंपियन महाराष्ट्र ही रहा. इसका GST कलेक्शन जून 2025 के 28,248 करोड़ से 9% बढ़कर 30,714 करोड़ रुपये हो गया. प्रतिशत के मामले में उत्तर प्रदेश ने सबसे मजबूत ग्रोथ दिखाई है. इसका GST कलेक्शन एक साल पहले के 7,675 करोड़ से 19% बढ़कर 9,165 करोड़ रुपये हो गया. इसके बाद असम का GST कलेक्शन 17% बढ़ा है, पंजाब का 14% बढ़ा है. गुजरात का GST कलेक्शन 12% बढ़कर 11,743 करोड़ रहा है. जबकि कर्नाटक का जून कलेक्शन 12,937 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.

कुछ राज्यों के GST कलेक्शन में गिरावट भी दर्ज हुई है. जिसमें सिक्किम सबसे ऊपर है, जहां कलेक्शन 53% घटकर सिर्फ 170 करोड़ रुपये ही रहा है. इसी तरह पुडुचेरी के कलेक्शन में 28% की गिरावट आई है. हिमाचल प्रदेश के कलेक्शन में 26% की कमी आई है. उत्तराखंड का कलेक्शन 21% गिरा है. तमिलनाडु के कलेक्शन में भी 2% की मामूली गिरावट देखी गई है.

Share This Article