Cult.fit ने IPO के लिए दी अर्ज़ी, ₹950 करोड़ का फ्रेश इश्यू लाएगी; मुकेश बंसल, टेमासेक बेचेंगे हिस्सेदारी

sureofficialmedia_admin
4 Min Read
Cult.fit Files For Rs 950 Crore IPO

Myntra के फाउंडर मुकेश बंसल की फिटनेस और वेलनेस प्लेटफॉर्म कंपनी Cult.fit ने अपने IPO के लिए SEBI में शुरुआती दस्तावेज़ (DRHP) दाखिल कर दिए है. Cult.Fit में दुनिया के बड़े और नामी इन्वेस्टर्स जैसे टेमासेक, एक्सेल और श्रोडर्स ने निवेश किया हुआ है. Cult.Fit इस इश्यू के जरिए 950 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है.

इस IPO में 950 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) भी होगा, जिसमें मौजूदा शेयरहोल्डर अपने शेयर बिक्री के लिए रखेंगे. SEBI में दाखिल DRHP के मुताबिक शेयरहोल्डर ऑफर फॉर सेल के जरिए 17.86 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखेंगे.

OFS में ये शेयरहोल्डर्स बेचेंगे हिस्सा

जो शेयरहोल्डर्स इस ऑफर फॉर सेल में अपना हिस्सा बेचेंगे उनमें शामिल हैं – मैकरिची इन्वेस्टमेंट्स, जो कि सिंगापुर की टेमासेक होल्डिंग्स की सब्सिडियरी कंपनी है. यही सबसे ज्यादा यानी करीब 2.47 करोड़ शेयर बेच रही है. कंपनी को को-फाउंडर मुकेश बंसल भी अपने हिस्से के 1.6 करोड़ शेयर बेचने जा रहे हैं.

इसके अलावा फिटनेस फर्स्ट लक्ज़मबर्ग, IDG वेंचर्स इंडिया फंड, टाटा डिजिटल, कलारी कैपिटल, चिराते ट्रस्ट, श्रोडर्स कैपिटल, ट्वेंटी नाइन कैपिटल पार्टनर्स और एक्सेल इंडिया V मॉरीशस भी अपने शेयर इस ऑफर फॉर सेल में बेचेंगे. OFS के जरिए जो भी रकम आएगी, वो सीधे इन शेयरहोल्डर्स के खाते में जाएगी, Cult.fit को कोई रकम नहीं मिलेगी.

Cult.Fit में किसकी कितनी हिस्सेदारी?

एक नज़र डालते हैं Cult.Fit के शेयरहोल्डर्स की हिस्सेदारी पर.

  • Cult.Fit में मैकरिची इन्वेस्टमेंट्स सबसे बड़ी हिस्सेदार है, जिसके पास 20.32% शेयर हैं.
  • ग्लोबल वेंचर कैपिटल फर्म एक्सेल के पास Cult.Fit में 13.45% हिस्सेदारी है.
  • को-फाउंडर मुकेश बंसल के पास कंपनी के कुल 8.35% शेयर हैं
  • कलारी कैपिटल पास कंपनी की 7.8% हिस्सेदारी है
  • इटर्नल (जोमैटो की पैरेंट कंपनी) के पास कंपनी के 4.88% शेयर हैं
  • टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा डिजिटल के पास 3.58% हिस्सेदारी है

प्री- IPO लाने पर भी विचार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Cult.fit प्री-IPO प्लेसमेंट के जरिए 190 करोड़ रुपये जुटाने पर भी विचार कर सकती है, जो कि नए शेयरों का हिस्सा होगा. प्री-IPO प्लेसमेंट में कंपनी कुछ चुनिंदा निवेशकों से बात करके उन्हें शेयर बेच देती है. अगर ये डील हो जाती है, तो आम जनता के लिए आने वाले फ्रेश शेयरों का साइज उतना ही कम हो जाएगा. मतलब जो भी पैसा प्री-IPO से जुटाया जाएगा, वो प्रस्तावित फ्रेश इश्यू साइज से घटा दिया जाएगा. उदाहरण के लिए, 950 करोड़ रुपये में से 190 करोड़ रुपये घट जाएंगे तो 760 करोड़ का ही IPO बाजार में लाया जाएगा.

ऐसे में पूरा IPO कुल कितने करोड़ रुपये का होगा, मतलब IPO का साइज़ क्या होगा, ये तभी पता चल पाएगा जब कंपनी इश्यू का प्राइस बैंड तय करेगी. क्योंकि अभी तक कंपनी ने ये नहीं बताया है कि पुराने निवेशक जो OFS के जरिए अपना हिस्सा बेच रहे हैं, उनकी कुल रुपये में वैल्यू कितनी है, सिर्फ इतना ही पता है कि 17.86 करोड़ शेयर बिक्री के लिए OFS में रखे जाएंगे.

क्या है Cult.fit

Cult.fit खुद को देश की सबसे बड़ी फिटनेस कंपनी होने का दावा करती है. कंपनी का नेटवर्क और रीच काफी ज्यादा बड़ी है. भारत के 77 शहरों में इसके कुल 708 जिम और फिटनेस सेंटर्स काम कर रहे हैं. कंपनी अपने ऐप, वेबसाइट और सेंटर्स के जरिए लोगों को फिटनेस सर्विसेज और लाइफस्टाइल से जुड़े प्रोडक्ट्स भी ऑफर करती है. 31 मार्च 2026 तक के डेटा के मुताबिक कंपनी के पास 9,87,000 से ज्यादा पेड मेंबर्स थे.

Share This Article