सोने की कीमतों में अचानक भारी गिरावट देखने को मिल रही है. बुधवार को इंटरनेशनल मार्केट और घरेलू मार्केट में सोना 2% से ज्यादा टूटा है. इसकी वजह है कि अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौता अब खतरे में पड़ गया है, क्योंकि बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ जंग रोकने के लिए हुआ अंतरिम समझौता अब खत्म हो गया है. ईरान ने गल्फ में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर नए हमले किए हैं, उसके बाद ट्रंप का ये बयान आया है.
ईरान के साथ समझौता खत्म: ट्रंप
ये बयान ट्रंप ने तुर्की में NATO शिखर सम्मेलन के दौरान दिया. ट्रंप ने कहा कि हमने एक समझौता किया और सभी पक्ष उस पर सहमत थे. हमारी शर्तें साफ थीं कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा,लेकिन समझौते के बाद वो बाहर जाकर मीडिया से कहते हैं कि इस मुद्दे पर कोई बातचीत ही नहीं हुई. उनके साथ कुछ गड़बड़ है. वे पूरी तरह पागल हो चुके हैं, मेरी नजर में अब ये समझौता खत्म हो चुका है.
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि उसने अमेरिका की ओर से किए गए हवाई हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है, बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागी हैं. ईरानी सेना ने दावा किया कि उसने बहरीन के उस एयरबेस को निशाना बनाया है, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं.
कच्चे तेल में लगी आग
यानी मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर से बढ़ गया है. जिसकी वजह से कच्चे तेल कीमतों में दोबारा आग लग गई है. ब्रेंट क्रूड 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया. डॉलर इंडेक्स में भी अचानक से उछाल देखने को मिला है.
ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौते पर मंडराते खतरे के बीच, अमेरिका ने एक और अहम फैसला किया है. अमेरिका ने ईरान को इंटरनेशनल मार्केट में तेल बेचने की जो छूट दी थी, अब उसे वापस ले लिया है. यानी ईरान अब इंटरनेशनल मार्केट में तेल नहीं बेच सकेगा क्योंकि उस पर पाबंदियां फिर से लागू हो गईं. इसका असर ये होगा कि आने वाले हफ्तों में ग्लोबल ऑयल मार्केट में सप्लाई कम हो सकती है और तेल की कीमतों में और तेज़ी आ सकती है.
इस हफ्ते ₹4,000 टूटा सोना
दूसरी तरफ, डॉलर इंडेक्स एक बार फिर 101 के पार निकल गया है. इस वजह से ग्लोबल और घरेलू मार्केट में सोने की कीमतों में अचानक तेज़ गिरावट आई है. घरेलू मार्केट में MCX पर सोने का अगस्त वायदा 2,200 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा फिसलकर 1,43,000 रुपये से नीचे आ गया है. इस हफ्ते सोना अबतक 4,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा टूट चुका है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना वायदा 2% से ज्यादा टूटकर ट्रेड कर रहा है.

