देश के 34 करोड़ EPFO मेंबर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है. PF के ब्याज का पैसा अकाउंट में कब आएगा, सरकार ने इसकी तारीख का ऐलान कर दिया है. केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को बताया कि FY26 प्रॉविडेंट फंड के ब्याज का पैसा 15 जुलाई, 2026 तक सब्सक्राइबर्स के अकाउंट में आ जाएगा.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 34 करोड़ मेंबर्स के खातों में 1.44 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा का ब्याज जमा किया जाएगा. केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने पिछले हफ्ते ही 8.25% की दर से ब्याज देने के लिए EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ ट्रस्टीज़ की सिफ़ारिश को मंज़ूरी दी थी.
15 जुलाई को पासबुक में दिखेगा ब्याज: मांडविया
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि EPFO के नए सिस्टम के में ब्याज की प्रक्रिया ऑटो-प्रोसेस होगी. मेंबर्स के खातों में जमा होने से पहले फील्ड अधिकारियों की ओर से इसकी पुष्टि की जाएगी. उन्होंने कहा “सदस्य 15 जुलाई तक अपनी पासबुक में जमा हुआ ब्याज देख सकेंगे. पहले, EPF ब्याज दर घोषित होने के बाद, ब्याज जमा होने में आमतौर पर अक्टूबर या नवंबर तक का समय लग जाता था.”
अब EPFO मेंबर्स कैसे चेक करेंगे कि उनके अकाउंट में ब्याज का पैसा आया है कि नहीं, तो इसके कई तरीके हैं, जिसके जरिए आप अपना PF बैलेंस बड़ी आसानी से जान सकते हैं. तो चलिए एक-एक करके समझते हैं वो सारे तरीके
UMANG ऐप से PF बैलेंस चेक करें
इसके लिए आपके मोबाइल में UMANG ऐप होना चाहिए, नहीं है तो पहले डाउनलोड करें, ध्यान रहे कि आप ऑफिशियल ऐप ही डाउनलोड करें. साथ ही आपका UAN भी एक्टिवेट होना चाहिए और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लिंक्ड होना चाहिए. तभी आप अपनी EPF पासबुक देख सकेंगे जहां पर सारे ट्रांजैक्शन का विवरण होता है.
स्टेप 1: सबसे पहले UAN लिंक्ड मोबाइल नंबर से UMANG पर रजिस्टर करें
स्टेप 2: Services पर जाएं, फिर Social Security पर और फिर EPFO पर जाएं
स्टेप 3: ‘Employee Centric Services’ को क्लिक करें और ‘View Passbook’ को चुनें
स्टेप 4: अपना UAN दर्ज करें, रजिस्टर्ड मोबाइल पर OTP आएगा, इसको भरें और वेरिफाई करें
स्टेप 5: अब लॉग इन के बाद कर्मचारी अकाउंट में जाकर EPF पासबुक को देख सकेंगे
EPFO पोर्टल से PF बैलेंस चेक करें
UMANG ऐप के अलावा एक और तरीका है, जिससे ऑनलाइन आप PF बैलेंस को चेक कर सकते हैं. शर्त वही है कि आपका UAN एक्टिवेट होना चाहिए
स्टेप 1: EPFO मेंबर्स पासबुक पोर्टल पर जाएं
स्टेप 2: UAN डालें, पासवर्ड डालें और कैप्चा भरें
स्टेप 3: आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा उसे भरें
Step 4: कई सारी IDs होंगी, जो भी आप चाहें चुनें
Step 5: उस ID का बैलेंस चेक करने के लिए “View Passbook” पर क्लिक करें
पासबुक खुलेगी तो आपको PF बैलेंस दिखेगा, कब ब्याज आया, कुल बैलेंस क्या है, ये सारी जानकारियां मिल सकेंगी.
DigiLocker से PF बैलेंस चेक करें
इन दो तरीकों के साथ साथ अगर आपके मोबाइल में DigiLocker ऐप भी है तो भी आप अपना PF बैलेंस बड़ी आसानी से चेक कर सकते हैं, बस इसके लिए आपको अपना EPFO अकाउंट इससे लिंक करना होगा. देखिए
स्टेप 1: आधार या मोबाइल नंबर से DigiLocker ऐप में डाउनलोड करें
स्टेप 2: Search Documents में खोजें EPFO services
स्टेप 3: फिर Employee Provident Fund – Passbook को क्लिक करें
स्टेप 4: UAN डालें, मोबाइल पर आया OTP डालें
स्टेप 5: वेरिफाई होते ही EPF अकाउंट लिंक हो जाएगा और डॉक्यूमेंट्स अपने आप ही यहां पर आ जाएंगे
इस तरह आप DigiLocker पर भी अपना PF बैलेंस आसानी से देख सकेंगे. सिर्फ एक बार लिंक करने की ज़रूरत है. जो कि सिर्फ 2 मिनट का काम है.

