IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च, कैप्चा से पीछा छूटा; टिकट बुकिंग हुई पहले से आसान; जानिए क्या-क्या बदला

sureofficialmedia_admin
5 Min Read
IRCTC's New Beta Website Goes Live Easier Booking, No Captchas, Cleaner Interface Faster Ticket Booking

IRCTC से टिकट बुक करना किसी जंग से कम नहीं, लेकिन अब ये आपकी मुश्किल थोड़ी आसान होने वाली है, क्योंकि IRCTC ने अपनी नई वेबसाइट लॉन्च कर दी है. हालांकि ये अभी इसका बीटा वर्जन ही है, यानी IRCTC यूजर्स से इस वेबसाइट के लिए फीडबैक लेगी, उनके अनुभव जानेगी और उसमें लगातार सुधार करेगी. ताकि अंतिम लॉन्च से पहले पहले किसी भी तरह के ग्लिच, कमियों को दूर किया जा सके. IRCTC की नई वेबसाइट बुधवार, 15 जुलाई की रात 9 बजे से लाइव हो चुकी है, आप चाहें तो जाकर चेक कर सकते हैं- लिंक नीचे दिया गया है

ये रहा लिंक – https://www.irctc.co.in/eticket/train-search

IRCTC का दावा है कि इसका डिजाइन पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न, साफ-सुथरा और यूजर फ्रेंडली बनाया गया है. IRCTC का कहना है कि इसका मकसद टिकट बुकिंग को तेज, आसान और कम समय लेने वाला बनाना है. IRCTC की नई बीटा वेबसाइट में ऐसे तो कई बदलाव हैं, लेकिन नीचे हम कुछ बड़े बदलावों के बारे में बता रहे हैं.

पहले से तेज चेकआउट


नई वेबसाइट में सबसे बड़ा बदलाव इसका साफ-सुथरा इंटरफेस है. टिकट बुकिंग प्रक्रिया में कई स्टेप्स कम कर दिए गए हैं. पहले जब IRCTC से टिकट बुक करते थे या रिजर्वेशन करते थे, तो कई तरह से स्टेप्स होते थे. अब जितने भी गैर-जरूरी स्टेप्स हैं उन्हें हटा दिया गया है. मतलब चेकआउट पहले से तेज होगा, जो खासकर तत्काल (Tatkal) टिकट बुकिंग के दौरान काफी मददगार साबित हो सकता है.

सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक साथ दिखेगी
IRCTC की वेबसाइट पर अब किसी ट्रेन में सभी क्लास (Sleeper, 3AC, 2AC, 1AC, Chair Car) की ‘Seat Availability’ एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी. पहले अलग-अलग क्लास देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलना पड़ता था, जिससे समय ज्यादा लगता था. अब सीट की उपलब्धता एक साथ दिखने पर इसे अलग-अलग क्लास में जाकर चेक करने का झंझट खत्म होगा, जिससे काफी समय बचेगा. जिससे यात्री को टिकट बुक करने का फैसला लेने में आसानी होगी.

बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं

IRCTC ने वेबसाइट में Saved Passenger Details का फीचर भी बेहतर बनाया है. अब यात्रियों को हर बार टिकट बुक करते समय नाम, उम्र और दूसरी जानकारियां दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पहले से सेव की गई जानकारी का इस्तेमाल करके टिकट बुकिंग प्रक्रिया और तेज हो जाएगी.

कैप्चा से पीछा छूटा

जो भी लोग IRCTC की वेबसाइट से टिकट बुक करते हैं उन्हें पता है कि कैप्चा एक बड़ा सिरदर्द रहता है, जिसे एक बार में सही से भरना एक मुश्किल काम होता है. इस मुश्किल को आसान कर दिया गया है, कैप्चा को ही खत्म कर दिया गया है. साथ ही पॉप-अप विंडो और फ्लैशिंग ग्राफिक्स को हटा दिया गया है, जिससे यूजर्स बिना किसी बाधा के आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे.

जल्द मिलेगा और तेज टिकट बुकिंग सिस्टम

नई वेबसाइट का डिजाइन मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), जयपुर के छात्रों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है. यानी वेबसाइट बनाते समय सिर्फ तकनीकी पहलुओं पर ही नहीं, बल्कि यूजर एक्सपीरियंस (User Experience) को भी प्राथमिकता दी गई है.

IRCTC ने बताया कि आने वाले समय में नई वेबसाइट को New Passenger Reservation Engine (New PRS Engine) के साथ जोड़ा जाएगा. इसके बाद टिकट बुकिंग सिस्टम पहले से कहीं अधिक तेज और सक्षम हो जाएगा. दावा ये है कि नई वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक होने की स्थिति में भी बेहतर प्रदर्शन मिलने की उम्मीद है.

IRCTC के मुताबिक, मौजूदा वेबसाइट के जरिए हर दिन औसतन 14.5 लाख रेल टिकट बुक किए जाते हैं. इतने बड़े ट्रैफिक को देखते हुए वेबसाइट में बदलाव जरूरी माना जा रहा था. नई वेबसाइट का मकसद इसी बढ़ते दबाव को बेहतर तरीके से संभालना और यात्रियों को ज्यादा सहज ऑनलाइन अनुभव देना है.

Share This Article