Changes From September 1: LPG-PNG से जुड़े बदलाव होंगे लागू, कार और दूध की कीमतें बदलेंगी, सब नोट कर लीजिए

sureofficialmedia_admin
8 Min Read
Changes From September 1: LPG, PNG, Cars and Milk Prices Set to Change What You Need to Know

1 सितंबर, 2026 से कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं, जो आपकी जिंदगी, आपकी जेब से जुड़े हैं. यहां पर हम आपको 5 ऐसे बड़े बदलावों के बारे में बता रहे हैं जो डायरेक्ट या इनडायरेक्ट आप पर असर डालेंगे. बेहतर होगा आप समय से रहते इन बदलावों को समझ लें, ताकि भविष्य में किसी भी तरह के परेशानी से बच सकें. ये बदलाव, हवाई यात्रों, कारों की कीमत, निवेश और LPG से जुड़े हैं.

1- एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास के नियम

1 सितंबर 2026 से भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए बोर्डिंग पास के नियमों में बदलाव होने जा रहा है. अभी तक जब आप विदेश जाने के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर जाते थे, तो वहां अफसर आपके बोर्डिंग पास पर एक मुहर (स्टैंप) लगाते थे. अब 1 सितंबर से ये मुहर लगाना बंद कर दिया जाएगा.

नया नियम ये है कि अब आपको इमिग्रेशन काउंटर पर अपने फोन में जो डिजिटल बोर्डिंग पास या ई-बोर्डिंग पास होता है, वही दिखाना होगा, बस उसी को स्कैन करके आपको आगे जाने दिया जाएगा. अगर आपके पास प्रिंट किया हुआ बोर्डिंग पास है, तो घबराने की बात नहीं, वो भी चलेगा. बस फर्क इतना होगा कि उस पर भी अब कोई मुहर नहीं लगेगी.

ये बदलाव इसलिए किया जा रहा है क्योंकि कई बार जब बोर्डिंग पास पर पहले से मुहर लगी होती थी, तो प्लेन में चढ़ते वक़्त गेट पर उसका बारकोड स्कैन करने में दिक्कत आ जाती थी. इस नए नियम से यह झंझट खत्म होगी. साथ ही इमिग्रेशन की लाइन में वक्त बर्बाद नहीं होगा.

2- कारें महंगी होंगी

अगर आप सितंबर में कोई कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो आपको हो सकता है कि ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ें. क्योंकि टाटा मोटर्स (Tata Motors) और ह्युंदई (Hyundai) की कारें 1 सितंबर से महंगी होनी जा रही हैं.

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) ने अपनी सभी कारों के दाम 25,000 रुपये तक बढ़ाने का ऐलान किया है. ये बढ़ोतरी पेट्रोल और डीजल कारों के साथ साथ इलेक्ट्रिक कारों पर भी लागू होगी. हालांकि हर मॉडल और वेरिएंट पर बढ़ोतरी अलग अलग होगी.

सिर्फ टाटा मोटर्स ही नहीं, बल्कि Hyundai Motor India की कारें भी 1 सितंबर से महंगी होने जा रही हैं. कंपनी ने अपने पूरे पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में 1% तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है.

3- मुंबई में दूध महंगा होगा

मुंबई और आसपास के इलाकों में दूध की कीमतों को लेकर भी 1 सितंबर से बदलाव होने जा रहा है. मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने थोक दूध की कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. कीमतों में इजाफे के बाद दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा. बढ़ी हुई दरें 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगी. हालांकि ये 9 रुपये की बढ़ोतरी थोक कीमतों में की गई है, इसका मतलब ये नहीं है कि हर उपभोक्ता के लिए दाम 9 रुपये बढ़ जाएंगे. रिटेल कीमतें सप्लायर, डेयरी और डिस्ट्रीब्यूशन चैनल के हिसाब से अलग अलग हो सकता है.

4- Gold ETF से जुड़ा नियम बदलेगा

1 सितंबर 2026 से Gold और Silver ETF को लेकर SEBI का एक नया नियम लागू हो रहा है, जो प्राइस बैंड तय करने के तरीके से जुड़ा है. अभी तक क्या होता है कि ETF का प्राइस बैंड तय करने के लिए T-2 NAV यानी दो दिन पहले की नेट एसेट वैल्यू को आधार बनाया जाता था.

लेकिन सितंबर से इसकी जगह पिछले कारोबारी दिन के आखिरी 30 मिनट में हुई ट्रेडिंग की औसत कीमत यानी VWAP – वॉल्यूम वेटेज एवरेज प्राइस को आधार बनाया जाएगा.
इसका मकसद है कि ETF की कीमतें असली मार्केट प्राइस के ज़्यादा नज़दीक रहें, ताकि दाम में कोई बड़ा गैप न बने. इससे गोल्ड और सिल्वर ETF में ट्रेडिंग करने वालों को ज़्यादा सटीक और रियल प्राइस पर खरीद-बिक्री करने में मदद मिलेगी.

अगर आप गोल्ड या सिल्वर ETF में निवेश करते हैं, तो अब आपको दिन की शुरुआत में जो प्राइस बैंड दिखेगा, वो पिछले दिन के आखिरी कारोबार के हिसाब से तय होगा, न कि पुराने NAV के हिसाब से. इससे कीमतों में ज़्यादा सटीकता आएगी, लेकिन शुरुआती कुछ दिनों में उतार-चढ़ाव भी थोड़ा अलग महसूस हो सकता है, क्योंकि सिस्टम नया है.

5- e-KYC और LPG सर्विसेज

अगर आपने अपने LPG कनेक्शन की e-KYC पूरी नहीं की है, तो 1 सितंबर से आपको गैस सिलेंडर से जुड़ी सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. LPG ग्राहकों के लिए e-KYC पूरा करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 रखी गई थी. ऐसे में जिन ग्राहकों ने तय समय तक KYC नहीं कराई है, उनके कनेक्शन की सर्विसेज प्रभावित हो सकती हैं.

e-KYC का मकसद ये सुनिश्चित करना है कि LPG कनेक्शन सही व्यक्ति के नाम पर है और एक ही व्यक्ति के नाम पर मौजूद कनेक्शनों का सही तरीके से वेरिफिकेशन हो सके. KYC पूरी नहीं होने पर सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी या सब्सिडी से जुड़ी सेवाओं में दिक्कत आ सकती है. हालांकि, इसका मतलब यह जरूरी नहीं है कि हर ऐसे ग्राहक का कनेक्शन तुरंत बंद कर दिया जाएगा. तेल कंपनियां मामले के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती हैं.

6- PNG के लिए नई सरकारी योजना

1 सितंबर से सरकार की नई Domestic PNG Connection Incentive Scheme लागू हो रही है. इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क से जोड़ना और पहले से लगे लेकिन इन-एक्टिव PNG कनेक्शन को दोबारा एक्टिव करना है. इसके तहत सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों (CGD) को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा. इस योजना का सीधा फायदा आम लोगों को मिल सकता है.

फिलहाल देश में करीब 1.74 करोड़ घरेलू PNG कनेक्शन हैं, लेकिन इनमें से सभी कनेक्शन सक्रिय नहीं हैं और उन्हें नियमित रूप से गैस की सप्लाई नहीं मिल रही है. यानी आने वाले समय में ज्यादा परिवारों को पाइपलाइन के जरिए सीधे घर तक खाना पकाने की गैस मिल सकती है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोगों को LPG सिलेंडर की तरह बार-बार बुकिंग, डिलीवरी का इंतजार, सिलेंडर रखने और खाली सिलेंडर बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Share This Article