NSE IPO: प्राइस बैंड ₹1,700-1,785 तय; इश्यू साइज ₹22,562 करोड़; 17 सितंबर को खुलेगा इश्यू

sureofficialmedia_admin
4 Min Read
NSE IPO: ₹1,700–₹1,785 Price Band Announced, Issue Opens September 17

NSE IPO Price Band: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अपने IPO के लिए प्राइस बैंड 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर तय किया है. IPO 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा. अपर प्राइस बैंड पर NSE की वैल्यूएशन करीब 4.42 लाख करोड़ रुपये बैठती है. हालांकि कुछ दिन पहले तक NSE के IPO के लिए 2,000 से 2,100 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड की चर्चा थी. इस कीमत पर कंपनी की वैल्यूएशन 5.26 लाख करोड़ रुपये आंकी गई थी.

ये IPO इसलिए खास है क्योंकि NSE का शेयर बाजार में उतरना सिर्फ एक और कंपनी की लिस्टिंग नहीं है. NSE खुद भारत के कैपिटल मार्केट का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है और अब पहली बार आम निवेशक इसके कारोबार में हिस्सेदार बनने का मौका पा सकते हैं. जिस प्लेटफॉर्म पर कंपनियां लिस्ट होती हैं, आज वही प्लेटफॉर्म अपना IPO लेकर आ रहा है.

IPO में फ्रेश शेयर जारी नहीं होंगे

NSE का IPO फ्रेश इश्यू नहीं है, बल्कि पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है. इसका मतलब है कि NSE नए शेयर जारी करके पैसा नहीं जुटा रहा. मौजूदा शेयरधारक अपना कुछ हिस्सा बेचेंगे और IPO से मिलने वाला पैसा उन्हीं शेयरधारकों के पास जाएगा. NSE के कारोबार या उसके कैश बैलेंस में IPO से सीधे पैसा नहीं आएगा.

इश्यू में करीब 12.64 करोड़ शेयर IPO में ऑफर किए जा रहे हैं. जो कि NSE की करीब 5.11% हिस्सेदारी के बराबर होते हैं. अपर प्राइस बैंड 1,785 रुपये पर इसकी वैल्यू करीब 22,562 करोड़ रुपये बैठती है. इस लिहाज से ये भारत के सबसे बड़े IPO में शामिल होगा.

2024 में हुंडई मोटर इंडिया का 27,870 करोड़ रुपये का इश्यू आया था, उसके बाद NSE भारत का दूसरा सबसे बड़ा IPO है. NSE का IPO पहले इससे भी बड़ा होने वाला था. शुरुआती योजना में करीब 6% हिस्सेदारी बेचने की बात थी, लेकिन कम प्राइसिंग के बाद कई मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी बिक्री घटा दी. जिससे ऑफर का साइज कम हो गया.

शेयरधारक बेचेंगे हिस्सेदारी

इसमें सबसे बड़ा नाम है भारतीय स्टेट बैंक (SBI), जो सबसे ज़्यादा शेयर ऑफलोड करने वाला शेयरधारक है. इसके अलावा कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड, अरांडा इन्वेस्टमेंट्स (मॉरीशस), न्यू इंडिया एश्योरेंस, बैंक ऑफ बड़ौदा और कुछ अन्य संस्थागत निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेच रहे हैं. हालांकि एक नाम इस लिस्ट से गायब है, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), जिसने अपनी 10.72% हिस्सेदारी को पूरी तरह बरकरार रखने का फैसला किया है.

कब होगी लिस्टिंग?

अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला तो, NSE के शेयर 24 सितंबर को BSE पर लिस्ट होंगे. विडंबना ये कि देश का सबसे बड़ा एक्सचेंज खुद अपने प्रतिद्वंद्वी एक्सचेंज पर लिस्ट होगा, क्योंकि नियम ये कहता है कि कोई भी एक्सचेंज खुद अपने प्लेटफॉर्म पर लिस्ट नहीं हो सकता.

8 शेयरों का लॉट साइज है, यानी रिटेल निवेशकों को कम से कम 8 शेयर खरीदने ही होंगे. अपर प्राइस बैंड पर न्यूनतम निवेश ₹14,820 बैठता है. बड़े निवेशकों (HNI) के लिए ये लॉट साइज 120 शेयरों यानी करीब 2.14 लाख रुपये से शुरू होता है.

Share This Article