सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के निवेश वाली यूज्ड-कार मार्केटप्लेस कंपनी Spinny ने IPO की तैयारी तेज कर दी है. कंपनी ने मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास IPO के लिए कॉन्फिडेंशियल पेपर दाखिल किए हैं. मनीकंट्रोल में छपी रिपोर्ट के मुताबिक मामले से जुड़े लोगों ने बताया है कि Spinny इस IPO के जरिए करीब 2,500 से 3,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है.
कब आएगा IPO?
प्रस्तावित IPO में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ ऑफर फॉर सेल यानी OFS भी शामिल हो सकता है. OFS के जरिए कंपनी के मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेच सकते हैं. हालांकि, IPO का साइज और इसका पूरा स्ट्रक्चर आगे की रेगुलेटरी प्रक्रिया के दौरान बदल सकता है.
IPO के लिए Spinny ने कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया, मॉर्गन स्टैनली इंडिया कंपनी और 360 ONE WAM को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया है. ये इन्वेस्टमेंट बैंक IPO की पूरी प्रक्रिया में कंपनी को सलाह देने और इश्यू को मैनेज करने की भूमिका निभाएंगे.
मनीकंट्रोल के मुताबिक Spinny की योजना 2027 में शेयर बाजार में लिस्ट होने की है. हालांकि, अभी लिस्टिंग की कोई अंतिम तारीख तय नहीं हुई है. ये पूरी प्रक्रिया SEBI की मंजूरी और दूसरी रेगुलेटरी मंजूरियों पर निर्भर करेगी.
Spinny का ये कदम ऐसे समय आया है जब कंपनी अपने कॉरपोरेट स्ट्रक्चर को भी IPO के हिसाब से तैयार कर रही है. करीब एक महीने पहले, अगस्त में Spinny की पैरेंट कंपनी वैल्यूड्राइव टेक्नोलॉजीज (Valuedrive Technologies) ने अपना स्टेटस प्राइवेट लिमिटेड से बदलकर पब्लिक लिमिटेड कंपनी कर लिया था. इसे कंपनी की लिस्टिंग की तैयारियों में एक अहम कदम माना जा रहा है.
दिग्गज निवेशकों का भरोसा
Spinny अब तक करीब 780 मिलियन डॉलर यानी लगभग 6,500 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटा चुकी है. कंपनी के बड़े निवेशकों में Tiger Global और Accel शामिल हैं. Spinny ने आखिरी बार करीब 165 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई थी. इस राउंड में Accel Leaders Fund, Fidelity Investments समेत कई निवेशकों ने हिस्सा लिया था. उस समय कंपनी की वैल्यूएशन करीब 1.5 से 1.8 बिलियन डॉलर के बीच आंकी गई थी.
Spinny ने दिसंबर 2021 में Unicorn का दर्जा हासिल किया था. उस समय कंपनी ने 283 मिलियन डॉलर जुटाए थे और उसकी वैल्यूएशन करीब 1.8 बिलियन डॉलर पहुंच गई थी. इस राउंड में Abu Dhabi का ADQ, Tiger Global और Avenir Growth जैसे निवेशक शामिल थे.
कंपनी के निवेशकों की लिस्ट में Elevation Capital, General Catalyst, Fundamentum Partnership, Think Investments और WestBridge Capital जैसे नाम भी शामिल हैं.
क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने भी 2021 में Spinny में निवेश किया था. इसके साथ ही वह कंपनी के स्ट्रैटिजिक इन्वेस्टर और ब्रैंड एम्बेसेडर बने. कंपनी के यूज्ड-कार रिटेल बिजनेस के विस्तार के साथ तेंदुलकर का जुड़ाव भी बना रहा है.
क्या करती है कंपनी?
Spinny की शुरुआत 2015 में नीरज सिंह, मोहित गुप्ता और रामांशु माहुर ने की थी. नीरज सिंह कंपनी के CEO हैं. कंपनी का कारोबार सिर्फ पुरानी कारों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि ये यूज्ड-कार खरीदने से लेकर बेचने, फाइनेंस, इंश्योरेंस और आफ्टर-सेल्स सर्विस तक की पूरी सर्विस देती है.
Spinny ने अपने ऑटोमोटिव बिजनेस को बढ़ाने के लिए कुछ अहम अधिग्रहण भी किए हैं. इनमें Truebil और GoMechanic जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी ने ऑटोमोटिव मीडिया प्लेटफॉर्म Autocar India का भी अधिग्रहण किया है.
कंपनी फिलहाल हर महीने करीब 15,000 कारें बेचती है और देश के 25 शहरों में काम करती है. वहीं, 100 से ज्यादा शहरों में मौजूद विक्रेता भी Spinny के प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी कार बेच सकते हैं.
यूज्ड-कार मार्केट में Spinny का मुकाबला Cars24 और CarDekho जैसे खिलाड़ियों से है. Cars24 का फोकस ऑनलाइन तरीके से यूज्ड कारों की खरीद-बिक्री पर है, जबकि CarDekho नए और पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री के साथ ऑटोमोबाइल क्लासीफाइड्स और दूसरी ऑटो सर्विसेज भी उपलब्ध कराता है.

