एयरटेल ने महंगा किया पोस्टपेड प्लान; मगर इंटरनेशनल रोमिंग होगी फ्री! 8 अक्टूबर से लागू

sureofficialmedia_admin
7 Min Read
Airtel makes postpaid plans costlier, adds free international roaming from October 8

अगर आप भारती एयरलेट (Bharti Airtel) का पोस्टपेड कनेक्शन इस्तेमाल करते हैं और अक्सर विदेश यात्रा करते हैं, तो आपके लिए एक बुरी खबर है. Airtel ने अपने पोस्टपेड प्लान में बदलाव किया है. कंपनी ने अपने नए पोस्टपेड प्लान की कीमतों में करीब 3% से 11% तक बढ़ोतरी की है.

नए प्लान 499 रुपये से शुरू होंगे और 8 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. 2024 के बाद ये Airtel का सबसे बड़ा पोस्टपेड टैरिफ हाइक है. मोटा-मोटा ये समझ लीजिए कि अब पोस्टपेड ग्राहकों को मौजूदा प्लान के मुकाबले हर महीने 50 रुपये ज्यादा देने होंगे. नया प्लान 499 रुपये से शुरू होगा, जो कि अभी 449 रुपये का है.

इस प्लान में एक फायदा भी है, नए प्लान में हर साल एक इंटरनेशनल ट्रिप के लिए रोमिंग पैक मुफ्त मिलेगा. इस फ्री रोमिंग पैक की कीमत 2,000 रुपये बताई गई है. मतलब, ये उनके लिए तो फायदे की बात है जो विदेश यात्राएं करते हैं, लेकिन उनके लिए एक झटका है, जिनके लिए ये फ्री इंटरनेशनल रोमिंग किसी काम की नहीं है.

फ्री रोमिंग में क्या-क्या मिलेगा?

इस ऑफर के तहत ग्राहक को 5 दिन के लिए एक कॉम्प्लिमेंट्री इंटरनेशनल रोमिंग पैक मिलेगा. इसमें क्या क्या शामिल होगा –

5GB मोबाइल डेटा
60 मिनट की कॉलिंग
25 आउटगोइंग SMS
इनकमिंग SMS फ्री

खास बात ये है कि ग्राहक इस पैक को अपनी जरूरत के हिसाब से किसी भी समय एक्टिवेट कर सकता है. यानी यात्रा के समय ही इसे शुरू किया जा सकता है. अगर आपने Airtel का फैमिली पोस्टपेड प्लान ले रखा है, तो इसमें भी फायदा मिलेगा. कंपनी के मुताबिक, परिवार के हर सदस्य को एक-एक फ्री इंटरनेशनल रोमिंग बेनिफिट मिलेगा.

फ्री रोमिंग का फायदा और नुकसान

फ्री में इंटरनेशनल रोमिंग फायदे का सौदा साबित हो सकता है. अगर आप साल में एक बार विदेश जाते हैं, वो ऐसे कि हर महीने 50 रुपये अतिरिक्त देने पर साल में 600 रुपये ज्यादा खर्च होंगे. इसके बदले कंपनी 2,000 रुपये का इंटरनेशनल रोमिंग पैक दे रही है. यानी आपको 1400 रुपये का फायदा होगा. लेकिन, अगर आप विदेश यात्रा नहीं करते हैं, तो आपके लिए इसका कोई फायदा नहीं है, आप बस ये मानकर चलिए कि आपका मंथली पोस्टपेड बिल 50 रुपये और सालाना बिल 600 रुपये बढ़ जाएगा.

तो मौजूदा ग्राहकों का क्या होगा?

अगर आप पहले से Airtel के पोस्टपेड ग्राहक हैं, तो आपको तुरंत अपना प्लान बदलने की जरूरत नहीं होगी. कंपनी के सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा ग्राहकों को एक महीने के भीतर उनके मौजूदा प्लान के सबसे नजदीकी ऊंचे प्लान में शिफ्ट किया जाएगा. इसका मतलब है कि मौजूदा पोस्टपेड ग्राहकों का मंथली बिल बढ़ जाएगा.

क्या जियो और वोडाफोन भी टैरिफ बढ़ाएंगे

इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक भारती एयरटेल की कमाई में पोस्टपेड करीब 8% से 14% तक योगदान देता है. इसलिए जाहिर है कि टैरिफ हाइक के बाद कंपनी का रेवेन्यू बढ़ेगा. तो ऐसे में टेलीकॉम इंडस्ट्री के दूसरे खिलाड़ी जियो, वोडाफोन-आइडिया क्या करेंगे. क्या वो भी टैरिफ बढ़ाएंगे. इसके लिए हमें इतिहास में जाना होगा

1 दिसंबर 2019 को भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने अपने नए टैरिफ प्लान का ऐलान किया था, 3 दिसंबर 2019 से इन नए प्लान की कीमतें लागू कर दी गईं. रिलायंस जियो ने भी इसके तीन दिन बाद अपने All-in-One प्लान लागू करने का ऐलान किया. उस समय मोबाइल टैरिफ में करीब 20% से 40% तक बढ़ोतरी की गई थी.

इसके ठीक दो साल बाद नवंबर 2021 में एयरटेल ने फिर से टैरिफ बढ़ाने की शुरुआत की और अपने सभी प्रीपेड प्लान में करीब 20% से 25% तक की बढ़ोतरी कर दी. ये बढ़ोतरी 26 नवंबर 2021 से लागू हो गई. इसके एक दिन बाद Vodafone Idea ने भी कीमतें बढ़ाईं, इसके 6 दिन बाद ही जियो ने भी टैरिफ में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया.

इसके तीन साल बाद 2024 के लोकसभा चुनाव खत्म होने और 5G नेटवर्क के विस्तार के बाद रिलायंस जियो ने लीड लेते हुए सबसे पहले टैरिफ बढ़ाए. 27 जून 2024 को जियो ने अपने अलग-अलग प्लान में 12% से 27% तक की बढ़ोतरी की. इसके अगले दिन भारती एयरटेल ने भी कीमतें बढ़ाईं. एयरटेल का प्लान 10% से 21% तक महंगा हुआ और इसेक दो ही दिन बाद वोडाफोन आइडिया ने भी टैरिफ में 11% से 24% तक का इजाफा कर दिया.

इसलिए अभी एयरटेल ने टैरिफ बढ़ाया है, तो कुछ दिनों में बाकी दोनों टेलीकॉम कंपनियां भी टैरिफ में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. खासतौर पर जियो पर बाजार की नजरें रहेंगी, क्योंकि IPO से पहले टैरिफ हाइक को बाजार कैसे लेता है ये देखना होगा.

सस्ते प्लान हो रहे बंद

हमने बीते कुछ समय से एक ट्रेंड देखा है, टेलीकॉम कंपनियां ग्राहकों को सस्ते प्लान से महंगे प्लान की तरफ ले जाने की कोशिश कर रही हैं, इसके लिए महंगे प्लान में कुछ एक्स्ट्रा बेनेफिट्स जोड़े जा रहे हैं, ताकि ग्राहक ज्यादा कीमत वाले प्लान को चुनें.

साथ ही, कंपनियां धीरे-धीरे कम कीमत वाले और कम फायदे वाले कुछ प्लान को बंद या हटाती जा रही हैं. इससे ग्राहकों के पास सस्ते विकल्प कम हो रहे हैं. इसलिए ग्राहकों को मजबूरी में ही सही, लेकिन ज्यादा कीमत वाले प्लान चुनने पड़ रहे हैं. इस साल की शुरुआत में Vodafone Idea (Vi) ने अपने कुछ पोस्टपेड फैमिली प्लान की कीमतों में 7% से 9% तक बढ़ोतरी की थी. एक अनुमान है कि अगले चार से पांच महीनों में टेलीकॉम सेक्टर में करीब 12% से 15% की एक और टैरिफ बढ़ोतरी हो सकती है.

Share This Article