IPO आते ही रच दिया इतिहास! लिस्टिंग पर 500% की तेज़ी, बन गई देश की नंबर-1 कंपनी

sureofficialmedia_admin
5 Min Read
China's Chipmaker CXMT Surges Nearly 500 percent on Market Debut

मार्केट में एंट्री हो तो ऐसी! शेयर मार्केट में लिस्टिंग वाले ही दिन, एक कंपनी देश की सबसे वैल्युएबल कंपनी बन गई. इस शेयर का नाम है Changxin Technology Group (CXMT), जो कि चीन की सबसे बड़ी डायनेमिक रैंडम-एक्सेस मेमोरी (DRAM) चिप निर्माता कंपनी है. DRAM का इस्तेमाल स्मार्टफोन और लैपटॉप से लेकर सर्वर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम तक के प्रोडक्ट्स में किया जाता है.

CXMT की सोमवार, 27 जुलाई 2026 को शेयर बाजार में ऐतिहासिक लिस्टिंग हुई. इस साल एशिया के सबसे बड़े IPO को पूरा करने के बाद, शंघाई स्टॉक एक्सचेंज के टेक-फोकस्ड STAR मार्केट में CXMT के शेयर पहले ही दिन करीब 470% की जोरदार तेजी देखने को मिली.

कंपनी ने इस लिस्टिंग में 57.92 बिलियन युआन यानी $8.6 बिलियन जुटाए, जिसके बाद इसके शेयर 49 युआन के ऊपर खुले, जो 8.66 युआन प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से कहीं ज्यादा प्रीमियम है. केवल एक दशक पहले बनी इस कंपनी का शंघाई में ट्रेडिंग के पहले ही दिन ही मार्केट कैप 3.3 ट्रिलियन युआन (484 बिलियन डॉलर) पहुंच गया.

इसके साथ ही CXMT अब चीन के बैंकिंग दिग्गज इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना (ICBC) को पीछे छोड़ते हुए चीन के शेयर बाजार में लिस्टेड सबसे वैल्युएबल कंपनी बन गई है. ICBC का मार्केट कैप 2.6 ट्रिलियन युआन है. CXMT का मार्केट कैप इंटरनेट कंपनी Tencent से थोड़ा ही कम था, जो हांगकांग में लिस्टेड है और उस बाजार की सबसे वैल्युएबल मूल्यवान कंपनी है.

इतना ही नहीं, इसने मार्केट कैप के मामले में अमेरिका की Intel जैसी ग्लोबल कंपनी को भी पीछे छोड़ दिया है. CXMT एक चिप बनाने वाली कंपनी है, इस ऐतिहासिक लिस्टिंग ने चीन में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में निवेशकों के बढ़ते भरोसे का सबूत पेश किया है.

चिप मार्केट में कंपनी की बढ़ी धमक

IPO डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक चौथी तिमाही की बिक्री के आधार पर 2025 में ग्लोबल DRAM मार्केट में CXMT की हिस्सेदारी 7.67% थी. ग्लोबल DRAM मार्केट में इस वक्त दक्षिण कोरिया की कंपनियों सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स, SK हाइनिक्स और अमेरिका की माइक्रोन टेक्नोलॉजी का दबदबा है. ये तीनों कंपनियां मिलकर ग्लोबल प्रोडक्शन का करीब 90% हिस्सेपर कब्ज़ा रखती हैं.

ये लिस्टिंग उन रिपोर्ट्स के कुछ हफ्ते बाद भी आई है, जिनमें कहा गया था कि एप्पल ने चीन में बेचे जाने वाले डिवाइसेज के लिए CXMT के DRAM चिप्स की टेस्टिंग शुरू कर दी है. जिससे सेमीकंडक्टर मार्केट में कंपनी की बढ़ती भूमिका पर दुनिया का ध्यान गया.

अमेरिका की फाइनेंशियल एनालिसिस कंपनी मॉर्निंगस्टार ने शुक्रवार को एक नोट में कहा कि चूंकि AI चीन के लिए तेजी से राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बनता जा रहा है, इसलिए CXMT को इसका सबसे बड़ा फायदा मिल सकता है. रिसर्च फर्म ने आगे कहा कि भले ही CXMT की तकनीक अभी भी दुनिया की मेमोरी लीडर्स से पीछे है, लेकिन AI विकास की अगुवाई करने वाले घरेलू इंटरनेट दिग्गज इसके चिप्स के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल को बढ़ावा देंगे, क्योंकि बीजिंग सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता पर जोर दे रहा है.

    क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

    हार्ग्रिव्स लैंसडाउन की इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटजी डायरेक्टर अन्ना मैक्डोनाल्ड ने BBC के ‘टुडे’ कार्यक्रम में बताया “आज सुबह शेयर में आई इस असाधारण तूफानी तेजी का कारण ये है कि ट्रेडिंग के लिए कंपनी के केवल 7% शेयर ही उपलब्ध हैं”. ये इस बात को भी दर्शाता है कि चीनी निवेशकों में अपने देश की घरेलू चिप निर्माता कंपनी को लेकर कितना भारी उत्साह है, क्योंकि बीजिंग सरकार अपने टेक उद्योग को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है.

    मार्केट एक्सपर्ट थियोडोर शो कंपनी को लेकर कुछ चेतावनी देते हैं. वो कहते हैं कि मेमोरी चिप मार्केट को लेकर बाजार में जो भारी उत्साह और तेजी का माहौल बना हुआ है, वो अब अपने शॉर्ट-टर्म पीक पर पहुंच चुका है. कई निवेशकों ने इस IPO के दौरान ही अपने शेयर बेचकर मुनाफा कमाना शुरू कर दिया है.

    वो ये कहते हैं कि मुनाफा हमेशा इतना ज्यादा नहीं रहेगा, मेमोरी चिप का बिजनेस लंबे समय तक चलने वाला बिजनेस है, लेकिन कंपनियों को आज जो बहुत ज्यादा मुनाफा और मार्जिन मिल रहा है, वह हमेशा इतना नहीं रहेगा. वक्त के साथ एक साइकल पूरा होने पर ये सामान्य स्तर पर आ जाएगा.

    Share This Article