Cupid के शेयरों ने मचाया धमाल; 1 साल में पैसा हुआ 10 गुना; प्रमोटर्स को किया मालामाल

sureofficialmedia_admin
6 Min Read
Cupid Shares Rally Over 10x in a Year

हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स बनाने वाली क्यूपिड (Cupid Ltd.) के शेयरों ने जो किया है वो किसी चमत्कार से कम नहीं है. सिर्फ दो साल में ही 680 करोड़ रुपये बन गए 8,600 करोड़ रुपये. ये शेयर अब भी रुकने का नाम नहीं ले रहा है, 8 जुलाई, बुधवार को इस शेयर ने 226 रुपये का 52वीक हाई बनाया, जिसके दम पर इसका मार्केट कैप 30,000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया.

बीते दो साल में जो तेजी इस शेयर ने दिखाई है, उसमें भी असल तेजी बीते एक साल के दौरान देखने को मिली है. बीते एक साल में क्यूपिड का शेयर 10 गुना तक बढ़ चुका है. साल भर पहले यानी 8 जुलाई 2025 को ये शेयर 21.62 रुपये का था, अब 8 जुलाई 2026 को इस शेयर ने 226 रुपये की ऊंचाई को छुआ है. यानी एक साल में ये शेयर 945% तक चढ़ चुका है. जबकि इस साल 2026 में अबतक 118% से ज्यादा चढ़ चुका है.

क्यूपिड का शेयर महंगा या बहुत महंगा?

फिलहाल, क्यूपिड का शेयर उस ऊंचाई से थोड़ा नीचे फिसलकर 192 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा और मार्केट कैप 25,800 करोड़ रुपये है. लेकिन 52वीक हाई 226 रुपये के शेयर प्राइस पर क्पूपि़ड की मार्केट कैप 30,000 करोड़ रुपये के करीब बनती है, लेकिन जब आप कंपनी के वित्तीय आंकड़ों को देखते हैं तो पता चलता है कि शेयर प्राइस के साथ ये मेल नहीं खाते हैं, जिससे ये पता चल जाता है कि ये शेयर कितना ज्यादा महंगा है.

कंपनी की 2026 की सेल्स 390 करोड़ रुपये है, जबकि ऑपरेटिंग प्रॉफिट 150 करोड़ रुपये है और नेट प्रॉफिट 108 करोड़ रुपये है. यानी जिस कंपनी का सालाना कारोबार अभी 400 करोड़ रुपये से भी कम है, मगर बाजार उसे करीब 30,000 करोड़ रुपये की वैल्यू दे रहा है.

अगर वैल्युएशन के लिहाज से देखें तो ये शेयर काफी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है. कंपनी का प्राइस-टू-अर्निंग यानी PE मल्टीपल करीब 280x है, जबकि इसके सेक्टर का औसत PE लगभग 42x है. वहीं, कंपनी का प्राइस/अर्निंग्स टू ग्रोथ PEG रेश्यो भी करीब 5 है. आमतौर पर 1 के आसपास का PEG को सही वैल्यू माना जाता है. 1 से कम है तो अंडरवैल्यूड और 1 से ज्यादा है तो ओवरवैल्यूड.

क्यूपिड का 5 का PEG बताता है कि बाजार कंपनी की भविष्य की ग्रोथ को लेकर बहुत ज्यादा उम्मीदें लगाकर बैठा है. इस वैल्यूएशन को सही साबित करने के लिए क्यूपिड को आने वाले सालों में बहुत दमदार प्रदर्शन करना होगा.

FY27 के लिए कंपनी की दमदार गाइडेंस

जुलाई के महीने में करीब 19% तक चढ़ने के बाद, बुधवार को इस शेयर में 13% से ज्यादा की गिरावट देखे को मिली और इसने इस पूरे महीने की बढ़त को गंवा दिया है.
हालांकि क्यूपिड का शेयर आगे कैसा प्रदर्शन करेगा, इसे लेकर कंपनी काफी जोश में दिखाई देती है. कंपनी ने FY27 के अप्रैल-जून तिमाही के लिए बिज़नेस अपडेट जारी किया है. जिसमें कंपनी ने कहा है कि उसकी FY27 की शुरुआत बहुत दमदार रही है, आगे भी अच्छा प्रदर्शन करेगी. कंपनी ने उम्मीद जताई है कि FY27 की पहली तिमाही (Q1) में रेवेन्यू 150 करोड़ रुपये से ज्यादा रहेगी. ये उसके इतिहास के सबसे मजबूत तिमाही प्रदर्शन में से एक होगा.

कंपनी ने देश-विदेश के बाज़ारों में बेहतर कारोबारी संभावनाओं के देखते हुए पूरे साल यानी FY27 के लिए अपने रेवेन्यू गाइडेंस को भी बढ़ा दिया है. कंपनी के मुताबिक FY27 में उसका कुल रेवेन्यू 660 करोड़ रुपये से ज्यादा रहने का अनुमान है, जो कि पहले 600 करोड़ रुपये था, यानी अनुमान में 10% का इज़ाफा कर दिया है. कंपनी गाइडेंस बढ़ाने के पीछे तर्क ये है कि उसका बिज़नेस काफी अलग-अलगे सेक्टर्स में फैला हुआ है. इंटरनेशल मार्केट्स से ऑर्डर मिलने की उम्मीदें बहुत ज्यादा है.

2 साल में प्रमोटर मालामाल

सितंबर 2023 में यूनिवर्सल-हलवसिया ग्रुप के आदित्य हलवसिया ने उस समय कंपनी के प्रमोटर्स ओमप्रकाश गर्ग और वीणा गर्ग से 28.69% हिस्सेदारी खरीदी थी. ये डील 680 करोड़ रुपये में हुई थी. आज कंपनी का मार्केट कैप करीब 30,000 करोड़ रुपये पहुंचने के साथ उसी हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 8,600 करोड़ हो गई है. यानी सिर्फ इन दो सालों में ही 680 करोड़ रुपये बढ़कर 8600 करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं, यानी ये शेयर 1,164% तक चढ़ चुका है.

Disclaimer: यह जानकारी केवल शैक्षिक और सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है. इसमें व्यक्त विचार और विश्लेषण सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं. इसे किसी भी शेयर में निवेश की सलाह या सिफारिश न माना जाए. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है. निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.

Share This Article