EPF Wage Ceiling Hike: ₹1,200 नहीं, ₹2,400 रुपये कम हो जाएगी इन-हैंड सैलरी, समझिए कैलकुलेशन

sureofficialmedia_admin
11 Min Read
PF Ceiling Hike: In-Hand Salary May Shrink by ₹2,400 If Your CTC Works This Way

सरकार EPF की वेतन सीमा 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है. इसके लिए श्रम मंत्रालय की तरफ से गैजेट नोटिफिकेशन भी जारी हो गया है. नई वेतन सीमा 17 सितंबर 2026 से ही प्रभावी हो चुकी है. ये सीमा सितंबर 2014 से 15,000 रुपये पर ही अटकी हुई थी. पूरे 12 साल बाद इसमें बदलाव हुआ है. सरकार ने 16 सितंबर की घोषणा में कहा था कि इस बढ़ोतरी से करीब 51 लाख से ज़्यादा नए कर्मचारी अनिवार्य EPFO कवरेज के दायरे में आ जाएंगे.

अब हम यहां पर एक-एक करके समझते हैं कि EPFO की इस नई सीमा के दायरे में कौन लोग आएंगे. उनकी सैलरी पर क्या असर होगा?

नई सैलरी सीमा के दायरे में कौन?

सबसे पहला सवाल तो यही है कि नई वेज सीलिंग के दायरे में कौन से कर्मचारी आएंगे. इसको बहुत आसान तरीके से समझने के लिए हम इसको दो हिस्सों में देखेंगे.

पहले नियम क्या था: पहले अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी + DA 15,000 रुपये या उससे कम है, तो PF कटना अनिवार्य था. अगर इससे ज़्यादा है, तो कर्मचारी का PF काटना अनिवार्य नहीं था, वो “excluded employee” माने जाते थे. यानी PF कटवाना कर्मचारी और कंपनी की आपसी मर्ज़ी पर था, मजबूरी नहीं. इसलिए कर्मचारी EPF, EPS और EDLI की अनिवार्य कवरेज से बाहर रह सकता था.

मतलब ये कि अगर कोई नया कर्मचारी 14,000 रुपये की मंथली सैलरी से नई नौकरी शुरू करता था तो उसके लिए PF कटवाना अनिवार्य था, अगर कोई कर्मचारी 20,000 रुपये से नई नौकरी शुरू करता था, तो उसके लिए PF कटवाना अनिवार्य नहीं था.

नया नियम क्या है: 17 सितंबर से नई वेज सीलिंग 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दी गई है. यानी जो लोग 15,000 से 25,000 के बीच कमाते हैं और अब तक PF के दायरे से बाहर थे, उनका PF अब कटना ज़रूरी है. यानी नए कर्मचारियों का एक बड़ा हिस्सा अनिवार्य सोशल सिक्योरिटी फ्रेमवर्क से बाहर रह जाता था, अब वो भी इसमें शामिल होगा. सरकार का कहना है कि इससे करीब 51 लाख नए लोग EPFO में जुड़ेंगे.

अब सवाल ये है कि क्या 25,000 रुपये की नई वेज सीलिंग सभी कर्मचारियों पर लागू होगी या सिर्फ कुछ खास कर्मचारियों पर? 17 सितंबर 2026 के गैजेट नोटिफिकेश में 25,000 रुपये की नई वेज सीलिंग को किसी खास कर्मचारी कैटेगरी तक सीमित नहीं किया गया है, यानी ये किसी चुनिंदा वर्ग के कर्मचारियों के लिए नहीं है. 25,000 रुपये तक की मंथली सैलरी वाले कर्मचारी, लागू नियमों और पात्रता के अधीन अनिवार्य EPF कवरेज के दायरे में आएंगे.

Take Home Salary पर क्या फर्क पड़ेगा?

इस नई वेज सीलिंग के बाद किसी कर्मचारी की टेक होम सैलरी पर क्या असर पड़ेगा. इसका असर हर कर्मचारी पर एक जैसा नहीं होगा. किसकी सैलरी कितनी कम होगी ये इस बात पर निर्भर करेगा कि उसकी कंपनी सैलरी किस तरह बनाती है, उसकी EPF को लेकर क्या पॉलिसी है, और सरकार की अंतिम अधिसूचना में क्या प्रावधान दिए गए हैं.

किस कर्मचारी पर कितना और कैसे फर्क पड़ेगा इसको हम 4 हिस्सों में बांटकर देखते हैं

1- जिनका PF नहीं कट रहा था
(सैलरी 15,000-25,000 के बीच)

जिनकी सैलरी 15,000 रुपये से ज्यादा और 25,000 रुपये से कम है, इस ग्रुप पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा. जो लोग 15,000 रुपये से ज़्यादा सैलरी पर ज्वाइन हुए थे और उनका कोई पुराना PF खाता नहीं था, उन्हें “excluded employee” माना जाता था. यानी एक रुपया भी PF नहीं कटता था. अब जैसे ही सीमा 25,000 रुपये हुई, इनका PF सीधे जीरो से 12% पर पहुंच जाएगा. यानी महीने का करीब 3,000 रुपये तक कटना शुरू हो जाएगा. यानी इनकी टेक-होम सैलरी में गिरावट आएगी.

2- जिनका PF अब तक 15,000 की सीमा पर कट रहा था

इसमें वे सभी लोग आते हैं जिनकी सैलरी 15,000 रुपये से ज़्यादा है, लेकिन कंपनी PF हमेशा से 15,000 पर ही कटती आई है, असली सैलरी पर नहीं. अब ये आधार बढ़कर 25,000 हो जाएगा. यानी PF कटौती 1,800 से बढ़कर 3,000 रुपये हो जाएगी, मतलब टेक होम सैलरी में 1,200 रुपये कम आएंगे. ये नियम 18,000 रुपये महीना कमाने वाले पर भी लागू होगा और 80,000 कमाने वाले पर भी. इसलिए यहां सैलरी नहीं, बल्कि कंपनी की मौजूदा प्रैक्टिस मायने रखती है.

उदाहण से समझिए – अगर किसी ऐसे कर्मचारी का PF योगदान 15,000 रुपये की सीलिंग पर था तो,

12% के हिसाब से कर्मचायरी का योगदान: ₹15,000 × 12% = ₹1,800

नई सीलिंग के तहत कर्मचारी का योगदान: ₹25,000 × 12% = ₹3,000

मंथली PF डिडक्शन बढ़ा: ₹3,000-₹1,800= ₹1,200

यानी हर महीने 1200 रुपये टेक होम सैलरी से कम हो जाएंगे, यानी साल भर में यह करीब 14,400 रुपये बैठता है. लेकिन हर मौजूदा कर्मचारी का PF डिडक्शन ₹1,200 बढ़ जाएगा, ऐसा कहना सही नहीं है. ये इस बात पर निर्भर करेगा कि उसका PF अभी किस आधार पर कैलकुलेट हो रहा है.

3- 25,000 रुपये पर नई नौकरी ज्वाइन करने वाले

पहले कोई 15,000 से ज़्यादा सैलरी पर ज्वाइन करता था तो कुछ शर्तों के साथ उसे PF से बाहर रखा जा सकता था. अब 25,000 रुपये से कम सैलरी वालों के लिए ये विकल्प खत्म हो गया है. ऐसे लोग पहले दिन से ही PF के दायरे में आ जाएंगे, तो इनकी टेक-होम पुराने नियम के मुकाबले कम रहेगी. लेकिन चूंकि इनके पास तुलना करने के लिए कोई पुरानी सैलरी स्लिप नहीं है, इसलिए ये बदलाव इन्हें इतना नहीं अखरेगा, जितना बाकी ग्रुप्स को.

4- सैलरी 15,000 से कम है, 25,000 से ऊपर “excluded” हैं

जिन लोगों की सैलरी आज भी 15,000 रुपये से कम हैं, इन पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि इनका PF पहले भी पूरी सैलरी पर कटता था, आगे भी वैसे ही कटेगा. जो कर्मचारी 25,000 रुपये से ज़्यादा कमाते हैं और अभी भी “excluded” की कैटेगरी में है.

₹1200 नहीं, ₹2,400 रुपये घट जाएगी टेक होम सैलरी

नए नियम के बाद आपकी CTC में से 1200 रुपये कम होने के बजाय 2400 रुपये कम हो जाएंगे. चलिए इसको समझते हैं. देखिए – अगर कंपनी अपना PF हिस्सा भी आपकी CTC में ही जोड़ती है. बहुत सी कंपनियां ऐसा करती हैं. ऐसे में कंपनी के हिस्से में जो बढ़ोतरी होगी, वह भी उसी तय पैकेज में से निकलेगी, यानी कंपनी सैलरी के बाकी हिस्सों में कटौती करके इसे एडजस्ट कर सकती है. ऐसी स्थिति में टेक-होम सैलरी 1,200 रुपये से भी ज़्यादा घट सकती है. यह 1,200 वाला आंकड़ा तभी सही बैठता है जब कंपनी अपने हिस्से की बढ़ोतरी मौजूदा CTC के ऊपर से खुद उठाए.

इसको ऐसे समझिए –

जब कंपनी आपको ऑफर लेटर देती है, तो उसमें एक नंबर लिखा होता है CTC यानी Cost to Company, मान लीजिए 6 लाख रुपये सालाना है. ये वह पूरा पैसा है जो कंपनी आप पर सालभर में खर्च करती है. इसमें आपकी सैलरी भी शामिल है, और कंपनी का PF योगदान भी शामिल है.

कंपनी का 12% PF योगदान आपकी जेब से नहीं जाता, लेकिन वो आपके ही CTC में से गिना जाता है

तो ऐसे में हम दो तरह की कंपनियों को लेकर चलते हैं

पहली कंपनी – अपना हिस्सा CTC से बाहर रखती है
यहां कंपनी कहती है कि आपकी सैलरी + मेरे PF योगदान, दोनों अलग-अलग हैं, मेरे हिस्से का बोझ मैं खुद उठाऊंगी, आपके तय पैकेज में हाथ नहीं लगाऊंगी.

इस केस में जब कंपनी का PF योगदान 1,800 से 3,000 होगा, तो कंपनी वो अतिरिक्त 1,200 रुपये अपनी जेब से देगी. आपके पैकेज पर कोई आंच नहीं आएगी. सिर्फ आपका अपना हिस्सा यानी सिर्फ 1,200 रुपये की कमी आएगी. ऐसी कंपनियां बहुत कम होती हैं.

दूसरी कंपनी – कंपनी अपना हिस्सा भी CTC के अंदर ही जोड़ती है, ज़्यादातर कंपनियां ऐसा ही करती हैं. यहां कंपनी कहती है कि आपका पूरा 6 लाख का पैकेज फिक्स है. इसी में आपकी सैलरी भी है, इसी में मेरा PF योगदान भी है. कुल मिलाकर 6 लाख से एक रुपया ज़्यादा नहीं जाएगा.

अब सोचिए, इस फिक्स 6 लाख के पैकेज में से कंपनी का PF हिस्सा भी बढ़कर 1,200 रुपये ज़्यादा हो गया, लेकिन कुल पैकेज तो 6 लाख पर ही टिका रहना है, कंपनी उसे बढ़ाने वाली नहीं, तो ये अतिरिक्त 1,200 रुपये कहां से आएगा?

जाहिर है कंपनी आपकी बेसिक सैलरी, HRA, या किसी और भत्ते में से यह 1,200 रुपये काटकर, कंपनी के PF वाले हिस्से में डाल देगी, ताकि कुल पैकेज 6 लाख पर ही बना रहे. नतीजा क्या हुआ –

दूसरी टाइप की कंपनी में आपकी दो बार PF कटौती हो रही है. आपका अपना PF हिस्सा 1200 अतिरिक्त तो कटेगा ही, साथ ही कंपनी भी 1200 रुपये का अपना हिस्सा भी आपकी ही CTC से एडजस्ट करेगी. मतलब टेक होम सैलरी 1,200 रुपये कम होने की बजाय, 2,400 रुपये या इससे ज्यादा घटा जाएगी.

Share This Article