हफ्ते भर की अपग्रेडेशन प्रक्रिया के बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को फिर से शुरू कर दिया है. नया पोर्टल बिल्कुल अलग दिखता है और कई तरह के बदलाव लेकर आया है. कुछ बड़े बदलावों में से एक बदलाव UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर को लेकर है.
मेंबर्स अब EPFO पोर्टल के जरिए न तो UAN को एक्टिवेट कर सकेंगे और न ही नया UAN जेनरेट कर सकेंगे. इस बड़े तकनीकी अपग्रेड के बाद ये दोनों ही सुविधाए अब UMANG ऐप पर शिफ्ट कर दी गई हैं. जिसके लिए आधार बेस्ड फेस ऑथेंटिकेशन की ज़रूरत होगी. मतलब ये कि करोड़ों सैलरीड कर्मचारियों को अपने PF अकाउंट्स से जुड़ी सबसे जरूरी सर्विसेज में से एक का इस्तेमाल करने का तरीका पूरी तरह से बदल गया है. जो खाताधारक अपना UAN एक्टिवेट या जेनरेट करना चाहते हैं, उन्हें अब केवल UMANG ऐप के ज़रिए ही ऐसा करना होगा.
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का कहना है कि इस बदलाव में सॉफ्टवेयर अपग्रेड और डेटाबेस को मजबूत करना शामिल है, जिसका मकसद अपनी डिजिटल सर्विसेज की रफ्तार बढ़ाना, सिक्योरिटी भरोसे में सुधार करना है. हालांकि फेस ऑथेंटिकेशन का ये कदम PF की प्रक्रिया में एक अतिरिक्त चरण जोड़ता है, लेकिन इसका मकसद पहचान के वेरिफिकेशन को मजबूत करना और प्रोविडेंट फंड खातों तक अन-ऑथराइज्ड पहुंच के जोखिम को कम करना है.
UMANG ऐप में कैसे करें UAN एक्टिवेट
जो भी EPFO मेंबर्स UAN जेनरेट करना चाहते हैं या फिर एक्टिवेट करना चाहते हैं या पासवर्ड भूल गए हैं और उसे वापस हासिल करना चाहते हैं तो उनके लिए इकलौता UMANG ऐप ही वो प्लेटफॉर्म है, जहां ये सारे काम होंगे. EPFO ने खाताधारकों को सलाह दी है कि वो ये सुनिश्चित कर लें कि उनके आधार की डिटेल्स और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपडेटेड हों, क्योंकि वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए ये दोनों बेहद ज़रूरी हैं.
जिन्हें UAN जेनरेट करना है
अगर किसी मेंबर के पास EPF अकाउंट है, लेकिन UAN नहीं है. तो उनको ये स्टेप फॉलो करना होगा. अब चूंकि EPFO पोर्टल से UAN एक्टिवेशन सर्विस को हटा दिया गया है, तो मेंबर को UMANG ऐप डाउनलोड करना होगा. जरूरी डिटेल्स भरने के बाद EPFO Services पर जाना होगा और UAN Services Through Face Auth” के नीचे “UAN Activation” के बटन को क्लिक करना होगा.
चूंकि ऐसे मेंबर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को वेरिफाई करके, जरूरी मेंबर्स डिटेल्स भरकर और ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया को पूरा करके नया UAN हासिल कर सकते हैं. एक बार डिटेल्स वेरिफाई हो गईं तो सिस्टम एक नया UAN जेनरेट करता है और उसे मौजूदा EPF अकाउंट से जोड़ देता है.
जिन्हें UAN एक्टिवेट करना है
मेंबर्स जिनका UAN अलॉट हो चुका है,लेकिन वो उसे भूल चुके हैं तो इस नए अपडेटेड सिस्टम के ज़रिए इसे दोबारा हासिल कर सकते हैं, वो भी बहुत आसानी से.
स्टेप 1: अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को वेरिफाई करें
स्टेप 2: अपनी पहचान या पते के लिए जरूरी प्रमाण अपलोड करें
स्टेप 3: रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, इससे ऑथेंटिकेशन पूरा करें
वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद UAN की डिटेल्स मेंबर को भेज दी जाती है
ये भी नोट करें
EPFO ने ये भी बताया है कि जो भी बदलाव किए गए हैं, इनका डेथ क्लेम सेटलमेंट पर कोई असर नहीं पड़ेगा, Eligible Nominees और कानूनी वारिस मौजूदा प्रक्रिया के जरिए ही डेथ क्लेम फाइल करना जारी रख सकते हैं.

