Best Free Credit Cards 2026: 5 क्रेडिट कार्ड्स जो हैं बिल्कुल फ्री, मिलते हैं ढेरो रिवॉर्ड्स और UPI से पेमेंट भी

sureofficialmedia_admin
13 Min Read
5 Best Zero Annual Fee Credit Cards In 2026 That Also Work On UPI

कई बार हम क्रेडिट कार्ड लेने की सोचते हैं, लेकिन दुनिया भर की फीस और तमाम तरह के चार्ज देखकर पीछे हट जाते हैं, लेकिन अब आपके पास कई सारे क्रेडिट कार्ड ऑप्शंस ऐसे हैं जो लाइफटाइम फ्री हैं, न कोई एनुअल फीस, न ज्वाइनिंग फीस, न रीन्युएल फीस, न कोई स्पेंड लिमिट की शर्त. कई बार बैंक या क्रेडिट कार्ड कंपनियां हमें शुरू में तो फ्री के नाम पर क्रेडिट कार्ड थमा देती हैं, लेकिन हमें बाद में पता चलता है कि कार्ड सिर्फ पहले साल के लिए फ्री था, उसके बाद चार्ज लेना शुरू कर देते हैं. तो फिर हम कैसे ऐसा क्रेडिट कार्ड पाएं जो हमेशा-हमेशा के लिए फ्री हो, यानी लाइफटाइम फ्री. हम आपके लिए ऐसे ही कुछ टॉप-5 चुनिंदा क्रेडिट कार्ड्स लेकर आएं हैं.

लाइफटाइम फ्री कार्ड होने का मतलब

कोई भी क्रेडिट कार्ड लाइफ टाइम फ्री तब कहलाता है जब वो कुछ शर्तों पर खरा उतरता है. इसलिए जरूरी है कि आप जब भी किसी क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई करने जाएं तो उसके चार्जेस वाले सेक्शन को ध्यान से पढ़ें. उसमें ये देखें –

  • ज्वाइनिंग फीस ज़ीरो होनी चाहिए
  • एनुअल फीस ज़ीरो होनी चाहिए
  • फीस वेवर की कोई स्पेंड लिमिट नहीं होनी चाहिए
  • फ्री कार्ड ‘लिमिटेड पीरियड ऑफर’ में नहीं होना चाहिए
  • फ्री कार्ड किसी प्रमोशनल ऑफर का हिस्सा नहीं हो

ज्यादातर लोग गच्चा खाते हैं 3, 4 और 5वें नंबर पर. मतलब, कार्ड जारी करने वाला बैंक आपको अभी तो आपको फ्री में कार्ड दे रहा है, लेकिन एक शर्त के साथ कि अगर आप महीने में एक तय अमाउंट क्रेडिट कार्ड से खर्च करते रहेंगे तो कार्ड पर कोई एनुअल फीस नहीं लगेगी, नहीं तो एनुअल फीस एक्टिवेट हो जाएगा.

कई बार लोगों को प्रमोशनल ऑफर के नाम पर क्रेडिट कार्ड दे दिया जाता है, लेकिन जिस दिन प्रमोशनल बैनर हटता है, एनुअल फीस लागू हो जाती है. इसके अलावा कई कार्ड्स शुरू के एक साल के लिए फ्री होते हैं, इसके बाद उन पर एनुअल फीस अप्लाई हो जाती है. तो ऐसे किसी भी कार्ड को हम लाइफटाइम फ्री कार्ड नहीं कहते हैं.

इस जानकारी के बाद अब हम शुरू करते हैं उन क्रेडिट कार्ड्स की लिस्ट जो लाइफटाइम फ्री की कैटेगरी में आते हैं.

1- IDFC FIRST Classic Credit Card

ये सबसे बेहतरीन लाइफटाइम फ्री कार्ड है. IDFC FIRST क्लासिक क्रेडिट कार्ड इस जमात में अपनी अच्छी साख रखता है. ऐसा क्यों, वो आप इसके रिवॉर्ड्स स्ट्रक्चर और बेनेफिट्स को देखकर खुद जान जाएंगे.

फीस: जीरो एनुअल फीस, जीरो ज्वाइनिंग फीस

रिवॉर्ड्स

  • डाइनिंग, ट्रैवल और इंटरनेशनल स्पेंड्स पर हर ₹200 खर्च करने पर आपको 10 FIRST रिवॉर्ड्स प्वाइंट्स मिलते हैं. एक पॉइंट की वैल्यू ₹0.25 है, तो इसका मतलब है कि इन कैटेगरीज़ पर आपको करीब 1.25% वापस मिल रहा है.
  • बाकी सभी खर्चों पर हर ₹200 पर 3 FIRST रिवॉर्ड्स प्वाइंट्स मिलते हैं, लेकिन यूटिलिटी बिल्स, इंश्योरेंस, FASTag और रेलवे टिकट जैसे खर्चों पर 200 रुपये पर सिर्फ 1 पॉइंट मिलता है
  • 10 गुना (10X) वाला रिवॉर्ड सिर्फ डाइनिंग/ट्रैवल कैटेगरी तक सीमित नहीं है, किसी एक स्टेटमेंट साइकिल में ₹20,000 से ज्यादा खर्च कर देते हैं, तो उस ₹20,000 के ऊपर वाले खर्च पर भी आपको वही 10X रिवॉर्ड मिलेगा, चाहे वो खर्च किसी भी कैटेगरी में हो. इसके अलावा, आपके बर्थडे पर किए गए खर्च पर भी यही 10X रेट लागू होता है.
  • साल में 4 बार डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज विज़िट मुफ्त, वो भी बिना कोई फीस दिए
  • ब्याज दर सिर्फ 9% सालाना से शुरू, जबकि बाकी बैंकों में ये 36-42% तक जाती है. अगर कभी आप बैलेंस कैरी फॉरवर्ड करते हैं, तो ये एक बड़ी राहत साबित हो सकती है. मतलब, क्रेडिट कार्ड पर “बैलेंस कैरी फॉर्वर्ड करना” मतलब है कि आपने पूरा बिल टाइम पर नहीं भरा और कुछ रकम अगले महीने के लिए बाकी रह गई, तो बैंक आपसे उस बकाया रकम पर ब्याज वसूलता है, जो आमतौर पर 36% से 42% सालाना तक होतीहै, लेकिन इस कार्ड में सिर्फ 9% से शुरू होती है.

ये कार्ड किसके लिए है: ये कार्ड उन लोगों के लिए सबसे फायदेमंद है जो रेगुलर बाहर खाना खाते हैं, ट्रैवल करते हैं, या विदेश यात्रा करते हैं.क्योंकि इन्हीं कैटेगरीज़ में सबसे ज्यादा रिवॉर्ड (1.25%) मिलता है. साथ ही, अगर आपका महीने का खर्च ₹20,000 से ज्यादा रहता है, तो उस अतिरिक्त खर्च पर भी 10X रिवॉर्ड मिलने की वजह से यह उन यूज़र्स के लिए और बेहतर हो जाता है जो एक ही कार्ड से अपने ज्यादातर खर्च चलाते हैं.

ALSO READ –

2- Scapia Federal क्रेडिट कार्ड

अगर आप बहुत ज्यादा ट्रैवल करते हैं, विदेश यात्राएं करते हैं तो, फ्लाइंट बुकिंग और होटल बुकिंग के लिए ये बहुत बढ़िया क्रेडिट कार्ड है. Scapia Federal कार्ड, Federal Bank के बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर बना है, जिसमें Scapia एक फिनटेक फ्रंट-एंड की तरह काम करता है. ये क्रेडिट कार्ड भी लाइफटाइम फ्री क्रेडिट कार्ड की लिस्ट में अपनी अलग पहचान रखता है.

फीस: जीरो एनुअल फीस, जीरो ज्वाइनिंग फीस

  • 10% रिवॉर्ड्स: ये एक ट्रैवल कार्ड है, इसलिए अगर आप Scapia ऐप के ज़रिए फ्लाइट या होटल बुक करते हैं, तो उस पूरे खर्च का 10% रिवॉर्ड (Scapia Coin) के रूप में वापस मिलता है
  • 2% रिवॉर्ड्स: बाकी सभी तरह के खर्चों, जो ऐप से बुकिंग के अलावा हैं, उस पर आपको 2% रिवॉर्ड मिलता है
  • Coins की वैल्यू 1:1 है, मतलब 1 Scapia Coin की कीमत ठीक ₹1 के बराबर होती है, और इन्हें आगे की ट्रैवल बुकिंग में इस्तेमाल किया जा सकता है
  • ज़ीरो फॉरेक्स मार्कअप: विदेश में कार्ड इस्तेमाल करने पर आमतौर पर बैंक 2-3.5% तक एक्स्ट्रा चार्ज लगाते हैं. इस कार्ड में ये चार्ज जीरो है. ये ऐसा इकलौता लाइफटाइम-फ्री कार्ड है जिसमें ये सुविधा मिलती है, जो इसे इंटरनेशनल ट्रैवलर्स के लिए बेहद खास बनाता है.
  • अनलिमिटेड डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, यानी आप देश में कहीं भी, जितनी बार चाहें, बिना किसी लिमिट के एयरपोर्ट लाउंज इस्तेमाल कर सकते हैं
  • मिनिमम इनकम शर्त: ये कार्ड लेने के लिए आपकी सालाना आय कम से कम 3 लाख रुपये होनी चाहिए.

ये कार्ड किसके लिए है: ये कार्ड उन लोगों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है जो साल में कम से कम 2 बार यात्रा करते हैं. अगर आप बहुत कम यात्रा करते हैं, तो आपके Coins इस्तेमाल होने से पहले ही एक्सपायर हो सकते हैं. यानी आपको मिला हुआ रिवॉर्ड बेकार चला जाएगा. तो यह कार्ड कभी-कभार यात्रा करने वालों के लिए नहीं

3- Axis LIC Platinum क्रेडिट कार्ड

फीस: जीरो एनुअल फीस, जीरो ज्वाइनिंग फीस

इस कार्ड का रिवॉर्ड स्ट्रक्चर Signature कार्ड जैसा है.

  • LIC प्रीमियम पेमेंट पर हर ₹100 खर्च पर 2 EDGE Reward Points मिलते हैं, बाकी सभी खर्चों पर हर ₹100 पर सिर्फ 1 पॉइंट, और हर पॉइंट की वैल्यू ₹0.20 है
  • कोई लाउंज एक्सेस नहीं: इस क्रेडिट कार्ड में एयरपोर्ट लाउंज विज़िट जैसी कोई सुविधा नहीं मिलती है, मतलब अगर आप बहुत ट्रैवेल करते हैं तो ये कार्ड आपके लिए नहीं है

अब आपके मन में ये सवाल होगा कि फिर ये कार्ड लिस्ट में क्यों है? इसका रिवॉर्ड स्ट्रक्चर सिग्नेचर जैसा है, लेकिन इनकम की शर्त काफी कम है, Signature कार्ड के लिए ₹15 लाख सालाना आय चाहिए, जबकि इस Platinum कार्ड के लिए सिर्फ ₹5 लाख सालाना आय ही काफी है.

ये कार्ड किसके लिए है: ये कार्ड सिर्फ उन LIC पॉलिसीहोल्डर्स के लिए है जिनकी सालाना आय ₹15 लाख से कम है, इसलिए Signature कार्ड नहीं ले सकते, लेकिन फिर भी वो एक बिल्कुल फ्री कार्ड चाहते हैं जिससे वो अपने LIC प्रीमियम की पेमेंट करके थोड़ा रिवॉर्ड कमा सकें, तो इस कैटलॉग में ये कार्ड सबसे फिट ऑप्शन है, लेकिन अगर आप LIC पॉलिसीहोल्डर नहीं हैं, या फिर लाउंज एक्सेस/वेलकम बोनस जैसी सुविधाएं चाहते हैं, तो यह कार्ड आपके लिए नहीं है.

4- IDFC FIRST WOW क्रेडिट कार्ड

WOW, IDFC FIRST का “सिक्योर्ड कार्ड” है, यानी ये किसी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के बदले जारी किया जाता है. ये उन लोगों के लिए भी उपलब्ध है जो आमतौर पर किसी साधारण से क्रेडिट कार्ड के लिए भी पात्र नहीं होते, जैसे कि जिनकी कोई क्रेडिट हिस्ट्री नहीं है, नए ग्रेजुएट्स, या वो लोग जो अपनी क्रेडिट हिस्ट्री दोबारा बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

फीस: जीरो एनुअल फीस, जीरो ज्वाइनिंग फीस

  • जीरो फॉरेक्स मार्कअप: ये सुविधा किसी ऐसे कार्ड में मिलना बहुत मुश्किल है. लेकिन इसमें मिलती है
  • FD-बैक्ड कार्ड: आपको ₹20,000 से लेकर ₹10,00,000 तक की एक FD जमा करनी होती है, जो गारंटी के रूप में काम करती है. आमतौर पर आपकी क्रेडिट लिमिट, आपकी FD की रकम के बराबर ही होती है.
  • खर्चों पर सामान्य रिवॉर्ड्स भी मिलते रहते हैं, रिवॉर्ड्स के लिए ये क्रेडिट कार्ड उतना बढ़िया नहीं है.

ये कार्ड किसके लिए है: ये क्रेडिट कार्ड खासतौर पर उन लोगों के लिए है जिनकी अभी तक कोई क्रेडिट हिस्ट्री नहीं है और जो अपना CIBIL स्कोर बनाना चाहते हैं, साथ ही जो विदेश यात्रा भी करते हैं, क्योंकि इसमें जीरो फॉरेक्स मार्कअप है. जो FD आप जमा करते हैं, वो आपको अलग से ब्याज भी देती रहती है, साथ-साथ आपकी क्रेडिट लिमिट को सिक्योर भी करती है.

5- HDFC RuPay क्रेडिट कार्ड

HDFC RuPay कार्ड लाइफटाइम फ्री है और RuPay नेटवर्क पर चलता है. इसका मतलब है कि आप इसे सभी UPI ऐप्स जैसे कि Google Pay, PhonePe, Paytm से लिंक कर सकते हैं और QR कोड के ज़रिए दुकानदारों को सीधे क्रेडिट से पेमेंट कर सकते हैं.

  • रिवॉर्ड्स बहुत ज्यादा आकर्षक नहीं हैं, सभी खर्चों पर आपको 1% रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलता है. लेकिन UPI से लिंक करने की सुविधा इस कार्ड को अलग बनाती है
  • HDFC का स्टैंडर्ड फ्यूल-सरचार्ज वेवर मिलता है, मतलब अगर आप पेट्रोल/डीज़ल भरवाते हैं तो उस पर लगने वाला एक्स्ट्रा फ्यूल सरचार्ज माफ हो जाता है.

ये कार्ड किसके लिए है: उन लोगों के लिए जो रोज़मर्रा की ज्यादातर पेमेंट्स UPI से करते हैं, जैसे मोहल्ले की छोटी दुकान से लेकर मॉल के बड़े ब्रैड्स तक छोटी बड़ी सभी तरह के क्रेडिट कार्ड पेमेंट्स आप UPI से कर सकते हैं, आपको क्रेडिट कार्ड वॉलेट से बाहर निकालने की भी जरूरत नही पड़ेगी. ये कार्ड रिवॉर्ड्स के लिए नहीं सुविधा के लिए लीजिए.

ये 5 कार्ड्स आपकी जरूरत के हिसाब से हैं, अगर आप ट्रैवल ज्यादा करते हैं, आउटिंग करते हैं, या छोटे मोटे खर्चे हैं तो सबके लिए अल्ग अलग क्रेडिट कार्ड्स हैं. इसलिए अगर आप पहली बार क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई करने जा रहे हैं, तो ऊपर बताए गए क्रेडिट कार्ड्स में से किसी को भी चुन सकते हैं.

ALSO READ –

Share This Article