दिवाली, दशहरा में घर जाने की तैयारी कर रहे हैं और फ्लाइट बुक करना चाहते हैं तो आपकी जेब पर थोड़ा ज्यादा बोझ पड़ने वाला है. क्योंकि हवाई टिकट के लिए आपको पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. दरअसल, लगातार बढ़ती एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों के बीच IndiGo ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज (Fuel Charge) बढ़ाने का फैसला किया है. एयरलाइन के मुताबिक, नई दरें 6 अक्टूबर 2026 को रात 12:01 बजे से होने वाली सभी नई बुकिंग पर लागू होंगी.
IndiGo की ओर से जारी एक रिलीज में कहा गया है कि बीते कुछ महीनों में ATF की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. खास तौर पर मिडिल ईस्ट में जियो-पॉलिटिकल तनाव के बाद ATF की कीमतों पर दबाव बढ़ा है. एयरलाइन के मुताबिक, हाल में ATF की कीमत में महीने-दर-महीने 14% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. इसका सीधा असर एयरलाइंस की ऑपरेशनल कॉस्ट पर पड़ रहा है. इसी बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ यात्रियों पर डालने के लिए IndiGo ने फ्यल चार्ज में इजाफा किया है. इंडिगो के बाद अब दूसरी एयरलाइंस भी फ्यूल चार्ज में इजाफा कर सकती हैं.
घरेलू उड़ानों पर कितना बढ़ेगा खर्च?
IndiGo ने घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के आधार पर अलग-अलग फ्यूल चार्ज तय किया है. यानी आप जितनी लंबी घरेलू उड़ान लेते हैं, उस पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क उतना ही ज्यादा होगा. जैसे कि नई लिस्ट के मुताबिक 500 किलोमीटर की छोटी घरेलू उड़ान पर 375 रुपये फ्यूल चार्ज लगेगा, जबकि 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की उड़ान पर ₹1,300 तक का फ्यूल चार्ज लिया जाएगा. ये बदलाव उन बुकिंग पर लागू होगा जो 6 अक्टूबर से की जाएंगी.

विदेशी उड़ानों का टिकट भी महंगा होगा
IndiGo ने सिर्फ घरेलू रूट पर ही फ्यूल चार्ज नहीं बढ़ाया है. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से नया चार्ज तय किया गया है. इसमें यूरोप जाने वाली फ्लाइट पर सबसे ज्यादा ₹10,000 तक का फ्यूल चार्ज रखा गया है. वहीं साउथ-ईस्ट एशिया, GCC और मिडिल ईस्ट और नॉर्थ एंड ईस्ट एशिया के रूट पर ₹5,500 तक का चार्ज लगेगा. अफ्रीका जाने वाली उड़ानों के लिए ये चार्ज ₹6,000 तक होगा.
लगातार तीसरे महीने महंगा हुआ ATF
1 अक्टूबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में ₹16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. ATF की कीमत ₹121 से बढ़कर करीब ₹137 प्रति लीटर हो गई है. ये लगातार तीसरा महीना है जब ATF की कीमत बढ़ाई गई है. सितंबर में ATF ₹6.28 प्रति लीटर और अगस्त में ₹5 प्रति लीटर महंगा हुआ था. इससे पहले जुलाई में कीमत में ₹5 प्रति लीटर की कटौती हुई थी. ATF की कीमत हर महीने की पहली तारीख को इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत, डॉलर-रुपया एक्सचेंज रेट और दूसरे ग्लोबल इंडिकेटर्स के आधार पर तय होती है.
एयरलाइन के लिए ATF सबसे बड़ा खर्चा
किसी भी एयरलाइन के लिए कुल लागत में ATF का हिस्सा काफी बड़ा होता है, तकरीबन 40% या इससे भी ज्यादा हो सकता है. इसलिए जब ATF महंगा होता है तो एयरलाइंस की लागत बढ़ती है. इसका असर टिकट के किराए, फ्यूल सरचार्ज या दूसरे चार्जेस के जरिए यात्रियों पर पड़ सकता है.
IndiGo ने अपने बयान में कहा ‘मौजूदा परिस्थितियों में ईंधन की बढ़ी लागत के चलते फ्यूल चार्ज में ज्यादा बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती थी, लेकिन एयरलाइन ने ग्राहकों पर इसका असर कम रखने के लिए इसको सीमित रखा है’.
एयरलाइन के मुताबिक, ‘मौजूदा जियो-पॉलिटिकल हालातों और ऑपरेटिंग कॉस्ट में बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. फ्यूल चार्ज की ये दरें आगे भी ऐसे ही बनी रहेंगी या ATF की कीमतों में बदलाव के साथ फिर बदली जाएंगी, इस पर अभी कोई निश्चित समयसीमा नहीं दी गई है. IndiGo का कहना है कि वो आगे भी स्थिति पर नजर रखेगी और जरूरत के मुताबिक फ्यूल चार्ज में बदलाव कर सकती है’.
इंडिगो ने 2026 में कितनी बार बढ़ाया फ्यूल चार्ज
मजेदार बात ये है कि 14 मार्च, 2026 को इंडिगो ने पहली बार ‘फ्यूल चार्ज’ वसूलना शुरू किया था. ये कदम मिडिल-ईस्ट में जारी जियो-पॉलिटिकल तनाव की वजह से ईंधन की कीमतों में आई तेजी को देखते हुए उठाया था.
तब घरेलू उड़ानों पर इंडिगो ने 425 रुपये फ्यूल चार्ज लेना शुरू किया था. मिडिल ईस्ट की उड़ानों के लिए 900 रुपये, साउथ ईस्ट एशिया और चीन की उड़ानों के लिए 1800 रुपये और अफ्रीका की उड़ानों पर 1800 रुपये फ्यूल चार्ज लेना शुरू किया था.
फिर इसके बाद इंडिगो ने 1 अप्रैल, 2026 से फ्यूल चार्ज में बदलाव किया. 500 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों पर फ्यूल चार्ज 275 रुपये लेना शुरू किया और 501-1000 किलोमीटर की उड़ानों पर 400 रुपये. 1500 किलोमीटर पर 600 रुपये और 1500-2000 किलोमीटर की दूरी के लिए 800 रुपये और 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी पर 950 रुपये का फ्यूल चार्ज लेना शुरू किया था.

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज बढ़ाया था, जो कि दूरी के हिसाब से 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक था.
