जून के महीने में कुल 22 IPO की लिस्टिंग हुई, जिसमें से 19 तो SME कैटेगरी के थे और बाकी 3 मेनबोर्ड के थे. इनमें से कुछ ने निवेशकों को बहुत निराश किया तो कुछ निवेशकों के हाथ अच्छी पूंजी लगी. जून के महीने में शेयर मार्केट में IPO की लगी लाइन के बीच NSE का रिटर्न सिर्फ 2% रहा.
जून के महीने में तीन मेनबोर्ड IPO आए और लिस्ट हुए. हालांकि 1 जून से लेकर 30 जून तक कुल 33 IPO आए, जिसमें 7 मेनबोर्ड IPO थे, लिस्ट सिर्फ 3 हुए. और 26 SME IPO थे, लिस्ट सिर्फ 19 हुए. हम यहां पर सिर्फ मेनबोर्ड IPO की बात करेंगे, और ये जानने की कोशिश करेंगे कि जिन लोगों ने इन मेनबोर्ड IPO में पैसा लगाया था, उनका अनुभव कैसा रहा.
जून 2026 में खुले मेनबोर्ड IPO
| कंपनी | IPO खुला | लिस्टिंग की तारीख |
| CMR Green Technologies | 3 जून | 10 जून |
| Hexagon Nutrition | 5 जून | 12 जून |
| Turtlemint Fintech Solutions | 19 जून | 29 जून |
| Advit Jewels | 23 जून | 1 जुलाई |
| Waterways Leisure Tourism | 23 जून | 1 जुलाई |
| CSM Technologies | 24 जून | 2 जुलाई |
| Aastha Spintex | 29 जून | 6 जुलाई |
Turtlemint Fintech Solutions
ये IPO 19-23 जून तक खुला रहा, NSE, BSE पर इसकी लिस्टिंग जून के आखिर में 29 जून, 2026 को हुई. 882.67 करोड़ रुपये के इश्यू साइज वाले इस IPO की लिस्टिंग बहुत खराब रही थी. ये अपने इश्यू प्राइस 152 रुपये प्रति शेयर से काफी नीचे लिस्ट हुआ था.
- NSE पर 11.25% डिस्काउंट के साथ 134.90 रुपये पर लिस्ट
- BSE पर 10.39% डिस्काउंट के साथ 136.20 रुपये पर लिस्ट
मतलब जिन निवेशकों ने लिस्टिंग गेन के लिए पैसा लगाया था, उन्हें निराशा हाथ लगी. अब भी ये शेयर अपने इश्यू प्राइस से नीचे ही कामकाज कर रहा है. 13 जुलाई 2026 को सुबह 11:30 बजे ये शेयर NSE पर 136.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, यानी करीब करीब उसी भाव पर जिस पर वो लिस्ट हुआ. इसने पिछले हफ्ते 8 जुलाई को 126.15 रुपये 52 हफ्ते का निचला स्तर भी बनाया. मौजूदा भाव पर इसकी टोटल मार्केट कैप 4,000 करोड़ रुपये के पार है.
इस IPO को लेकर एनालिस्ट्स की राय काफी बंटी हुई थी. ज्यादातर एनालिस्ट्स इससे दूरी बनाने की सलाह दे रहे थे. हालांकि कुछ एनालिस्ट्स कंपनी के इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस और लॉन्ग टर्म में ग्रोथ की संभावनाओं को पॉजिटिव माना, लेकिन कई एनालिस्ट महंगे वैल्युएशन और कंपनी की प्रॉफिटिबिलिटी को लेकर आंशकित थे. ग्रे मार्केट में भी इसे लेकर निगेटिव प्रीमियम मिल रहा था, ऐसा ही हुआ भी. ये अभी तक अपने इश्यू प्राइस के आस-पास भी नहीं पहुंचा है.
CMR Green Technologies
3-5 जून के बीच ये IPO खुला रहा, 10 जून को इसकी लिस्टिंग हुई. भारत की सबसे बड़ी नॉन-फेरस मेटल रीसाइक्लिंग कंपनियों में शुमार इस कंपनी ने लिस्टिंग गेन के मामले में अपने निवेशकों को निराश नहीं किया. इश्यू प्राइस 192 रुपये प्रति शेयर के मुकाबले इसने निवेशकों 40-44% तक का लिस्टिंग गेन करवाया
- NSE पर 39.58% प्रीमियम के साथ 268 रुपये पर लिस्ट
- BSE पर 43.44% प्रीमियम के साथ 275.40 रुपये पर लिस्ट
ये जून 2026 के सबसे सफल मेनबोर्ड इश्यू था. शुरू से ही इस इश्यू को लेकर निवेशकों और ग्रे मार्केट में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला था. इसीलिए ये IPO 127 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ. QIB की तरफ से 270 गुना से ज्यादा बिडिंग आई, जो संस्थागत निवेशकों के भरोसे को दिखाता है.
आज यानी 13 जुलाई, 2026 को ये शेयर करीब 4% की तेजी के साथ 235.20 रुपये पर है, जबकि इसने पिछले हफ्ते 10 जुलाई को 219 रुपये का 52 हफ्ते का निचला स्तर बनाया था. ये शेयर भले ही अपने इश्यू प्राइस 192 रुपये से ऊपर ट्रेड कर रहा है, लेकिन अपने लिस्टिंग प्राइस से नीचे फिसल चुका है. मतलब ये कि जिन निवेशकों ने प्राइमरी मार्केट में निवेश किया था, वो हल्के नुकसान में चल रहे हैं, अगर उन्होंने मुनाफावसूली नहीं की थी.
Hexagon Nutrition
हेल्थ सप्लीमेंट, क्लीनिकल न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स बनाने वाली न्यूट्रीशन और वेलनेस कंपनी Hexagon Nutrition का IPO भी जून में काफी चर्चा में रहा. 5 जून का ये IPO खुला और 9 जून को ये बंद हुआ. 12 जून को इसकी लिस्टिंग हुई. इसका फाइनल इश्यू प्राइस 45 रुपये था. अगर लिस्टिंग गेन के लिहाज से देखेंगे तो कोई खास नहीं है, सिर्फ 7% के आस-पास ही है.
- NSE पर 7.22% प्रीमियम के साथ 48.25 रुपये पर लिस्ट
- BSE पर 7.22% प्रीमियम के साथ 48 रुपये पर लिस्ट
लिस्टिंग गेन भले ही उतना धांसू न मिला हो, लेकिन इसके बाद शेयर ने जो रफ्तार पकड़ी है, वो काबिल-ए-तारीफ है. फिलहाल 13 जुलाई को ये शेयर 5% से ज्यादा की तेजी के साथ 78 रुपये पर पहुंच गया, यही इसका 52 वीक हाई भी है. इसका 52 वीक लो वही है जो इसका लिस्टिंग प्राइस था. मतलब ये कि लिस्टिंग के बाद इस शेयर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है. तो जिन लोगों ने प्राइमरी मार्केट से इसे लिया था और लिस्टिंग गेन के तुरंत बाद नहीं बेचा, वो आज ठीक-ठाक फायदे में हैं. ये अपने लिस्टिंग प्राइस से 62% और इश्यू प्राइस से 73% ऊपर है.
अगर, कुल मिलाकर देखा जाए तो जून के मेनबोर्ड IPO ने निवेशकों की झोली कुछ खास नहीं भरी है. एक अच्छे IPO का इंतजार अब भी है, जुलाई में भी कई बड़े IPO कतार में हैं. जिसमें शामिल हैं-
| कंपनी | इश्यू की तारीख |
| SBI Funds Management | 14-16 जुलाई |
| Alpine Texworld | 14-16 जुलाई |
इस साल 2026 में अबतक कुल 32 मेनबोर्ड IPO लिस्ट हुए, इनमें से 21 ने लिस्टिंग गेन दिया और 7 अपनी लिस्टिंग वाले दिन ही फुस्स हो गए. अब अगर उनका लेखा जोखा देखेंगे तो 13 IPO ऐसे हैं जो गेन में हैं और 15 नुकसान में ट्रेड कर रहे हैं.

