ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेज़ॉन (Amazon) में छंटनियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. कंपनी ने एक बार फिर 1,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है. अमेज़ॉन ने बुधवार को जानकारी दी कि उसने अपने स्टोर्स यूनिट में कर्मचारियों की छंटनी की है.
अमेज़ॉन में 1,000 लोगों की जॉब गई
ये वही यूनिट है जो अमेज़ॉन की मुख्य ई-कॉमर्स वेबसाइट के कारोबार को संभालती है. मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया है कि इस बार करीब 1,000 व्हाइट कॉलर कर्मचारियों की नौकरियां गई हैं. खास बात ये है कि छंटनी ऐसे समय हुई है जब अमेज़ॉन का बड़ा शॉपिंग इवेंट Prime Big Deal Days चल रहा है. ये प्रमोशनल सेल मंगलवार से शुरू हुई और बुधवार तक चली.
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने अपने स्टोर्स बिजनेस के कुछ हिस्सों में बदलाव किया है, क्योंकि कंपनी का मानना है कि नया स्ट्रक्चर उसकी प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से पूरा करने में मदद करेगा. रिपोर्ट के मुताबिक, कस्टमर सर्विस और सेलिंग पार्टनर सर्विसेज समेत स्टोर्स से जुड़े कई विभागों में कर्मचारियों पर इसका असर पड़ा है. अमेरिका, भारत और ब्रिटेन में काम करने वाले कुछ कर्मचारी भी इस छंटनी की चपेट में आए हैं.
कोविड के बाद से लगातार चल रही छंटनी
अमेज़ॉन में ये पहली बड़ी छंटनी नहीं है. कंपनी ने पिछले साल बड़ी रीस्ट्रक्चरिंग की शुरुआत की, तभी से अलग-अलग टीमों में छोटी-छोटी कटौतियां करती रही है. सबसे बड़ी पिछली छंटनी में करीब 30,000 नौकरियों में कटौती की गई थी, जो पिछले साल शुरू होकर जनवरी तक जारी रही. अमेज़ॉन के फाउंडर एग्जीक्यूटिव चेयरमैन जेफ बेजोस ने बुधवार को फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा-
‘कोविड महामारी के दौरान कंपनी ने जरूरत से ज्यादा लोगों को भर्ती कर लिया था. उस दौरान लोग घरों में रहकर बड़ी संख्या में ऑनलाइन खरीदारी कर रहे थे, जिसके चलते अमेज़ॉन ने तेजी से अपना वर्कफोर्स बढ़ाया था. बेजोस के मुताबिक, मौजूदा नौकरी कटौती उसी बढ़े हुए हेडकाउंट को समायोजित करने की प्रक्रिया का हिस्सा है.’
अमेज़ॉन का ये कदम ऐसे समय आया है जब दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां लागत और कर्मचारियों की संख्या को लेकर नए सिरे से समीक्षा कर रही हैं. हालांकि, कंपनी ने इस बार की छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है.
कोविड के दौरान जमकर भर्तियां हुईं
जैसा कि जेफ बेजोस ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान अमेज़ॉन ने जमकर भर्तियां की थीं. इस बारे में अमेज़ॉन ने जानकारी दी थी कि उसने फरवरी 2020 से 4 लाख से ज्यादा फुल टाइम और पार्ट टाइम कर्मचारियों की भर्ती की थी, ताकि महामारी के दौरान बढ़ी ऑनलाइन शॉपिंग डिमांड को संभाला जा सके.
अमेजॉन की 2020 शेयरहोल्डर लेटर के मुताबिक कंपनी ने 2020 में कुल करीब 5 लाख लोगों को नौकरी पर रखा और साल के अंत तक उसके डायरेक्ट कर्मचारियों की संख्या बढ़कर करीब 13 लाख हो गई थी. अप्रैल 2020 में ही अमेज़ॉन ने कोविड डिमांड को देखते हुए 1.75 लाख से ज्यादा नए एसोसिएट्स जोड़ने की घोषणा की थी.
फिर शुरू हुआ छंटनियों का दौर
कोविड के बाद जैसे ही लॉकडाउन हटा, लोग घरों से बाहर निकले अमेज़ॉन पर शॉपिंग डिमांड कम होने लगी तब कंपनी ने छंटनियों की शुरुआत की. एक नजर इस पर भी डालिए –
नवंबर 2022: CEO एंडी जेसी ने पहली बार बड़ी रीस्ट्रक्चरिंग की घोषणा की. डिवाइसेज एंड बुक्स समेत कई डिवीजन में नौकरियां खत्म की गईं. उन्होंने साफ कहा कि कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में बहुत तेजी से हायरिंग की थी. उस समय अमेजॉन ने आगे भी कर्मचारियों की छंटनी की संभावना जताई थी.
जनवरी 2023: अमेज़ॉन ने कुल 18,000 से ज्यादा पदों को खत्म करने की पुष्टि की. ये उस समय कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी थी. इसका बड़ा असर स्टोर्स और PXT यानी HR-संबंधी संगठन पर पड़ा.
मार्च 2023: इसी साल इसके बाद अमेज़ॉन ने एक और बड़ी कटौती की और कुल छंटनियों का आंकड़ा करीब 27,000 तक पहुंच गया. यानी नवंबर 2022 से शुरू हुआ रीस्ट्रक्चरिंग का चक्र धीरे-धीरे और बड़ा होता गया.
साल 2024-2025: 2024-25 में कई छोटी-छोटी छंटनियां की गईं. अलग-अलग डिवीजन में छंटनियां होती रहीं. इनमें डिवाइसेज एंड सर्विसेज, कम्यूनिकेशंस और बुक्स जैसे डिवीजन शामिल थे. जून 2025 में बुक्स डिवीजन में 100 कर्मचारियों की नौकरियां चली गईं. जिसमें Goodreads और Kindle टीम भी शामिल थीं. जुलाई 2025 में AWS में भी सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी की खबर आई. हालांकि उसका सही आंकड़ा नहीं बताया गया.
2025 के अंत में बड़ा झटका: अक्टूबर 2025 में अमेज़ॉन ने 30,000 कॉरपोरेट जॉब्स की कटौती का प्लान बनाया. उस समय अमेजॉन में करीब 15.5 लाख कर्मचारी थे. जिनमें लगभग 3.5 लाख कॉरपोरेट कर्मचारी थे. 30,000 की छंटनी का मतलब कॉरपोरेट वर्कफोर्स में करीब 10% लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया गया. इसके बाद कंपनी ने करीब 14,000 कॉरपोरेट जॉब्स में कटौती शुरू की. इस बार AI और ऑटोमेशन भी रीस्ट्रक्चरिंग का कारण बना.
और अब अक्टूबर 2026 में फिर छंटनी की जा रही है. Amazon ने करीब 1,000 व्हाइट कॉलर कर्मचारियों को फिर से निकाला है. अगर, कोविड के बाद शुरू हुईं छंटनियों के दौर से अबतक देखा जाए तो अमेज़ॉन ने कम से कम 58000 लोगों को जॉब से निकाला है. हालांकि कई छंटनियों के राउंड की सही संख्या पता नहीं है.
