मुंबई में CNG ₹2, PNG ₹1 महंगी हुई; नई दरें 1 सितंबर से लागू

sureofficialmedia_admin
5 Min Read
Mumbai CNG- PNG Price Hike: CNG Up ₹2, PNG Up ₹1 From September 1; Will Auto and Taxi Fares Increase?

अगर आप मुंबई में CNG कार चलाते हैं, ऑटो या टैक्सी से सफर करते हैं या घर में PNG गैस इस्तेमाल करते हैं, तो आपकी जेब पर थोड़ा और बोझ बढ़ने वाला है. मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमतें बढ़ गईं हैं, जबकि घरेलू PNG भी महंगी हो गई है.

आज से मुंबई में CNG, PNG के नए दाम

Mahanagar Gas Limited यानी MGL ने CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है. इसके बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में CNG का नया रेट 88 रुपये प्रति किलो हो गया है. वहीं, घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG की कीमत में 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है और अब ये 53 रुपये प्रति SCM हो गई है. नई कीमतें 1 सितंबर से लागू हो गई हैं.

किस पर असर पड़ेगा?

ये बढ़ोतरी सीधे तौर पर उन 13 लाख CNG वाहन मालिकों पर असर डालेगी, जो मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और धाराशिव (महाराष्ट्र) के साथ-साथ चित्रदुर्ग और दावणगेरे (कर्नाटक) में MGL के नेटवर्क पर निर्भर हैं. ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए ये खबर खास तौर पर चिंता की बात है, क्योंकि उनकी रोजाना की कमाई सीधे ईंधन की लागत से जुड़ी होती है. गैस महंगी होते ही उनका मुनाफा घटता है, या फिर उन्हें किराया बढ़ाने का दबाव झेलना पड़ता है, जिसका असर आम यात्रियों की जेब पर भी पड़ेगा.

वहीं घर में खाना पकाने के लिए पाइप्ड गैस इस्तेमाल करने वाले 30 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी महीने का बिल थोड़ा बढ़ जाएगा. भले ही 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी छोटी लगे, लेकिन पेट्रोल-डीजल और LPG की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच ये एक और अतिरिक्त बोझ है जो हर महीने के घरेलू बजट को हिला सकता है.

कैसे बढ़ेगा बोझ?

CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी सुनने में भले ही छोटी लगे, लेकिन रोज़ाना गाड़ी चलाने वालों के लिए महीने का खर्च बढ़ सकता है. जैसे मान लीजिए कि अगर कोई CNG कार रोजाना करीब 2 किलो गैस इस्तेमाल करती है, तो 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी से उसका खर्च करीब 4 रुपये रोजाना बढ़ेगा. महीने में 30 दिन गाड़ी चलाने पर ये अतिरिक्त खर्च करीब 120 रुपये हो सकता है. जिन लोगों की गाड़ियां ज्यादा चलती हैं, उनके लिए असर और बड़ा होगा.

ऑटो-टैक्सी का किराया भी आज से बढ़ा

मुंबईकरों पर 1 सितंबर से डबल झटका लगा है. मुंबई Metropolitan Region में ऑटो और ब्लैक-येलो टैक्सी का किराया भी आज से बढ़ गया है. ऑटो का न्यूनतम किराया 1.5 किलोमीटर के लिए ₹26 से बढ़कर ₹27 और उसके बाद प्रति किलोमीटर किराया ₹17.14 से बढ़कर ₹18.22 हो गया है. वहीं, ब्लैक-येलो टैक्सी का न्यूनतम किराया ₹31 से बढ़कर ₹33 और उसके बाद प्रति किलोमीटर किराया ₹20.66 से बढ़कर ₹21.90 हो गया है. यानी CNG महंगी होने के साथ अब रोजाना ऑटो-टैक्सी से सफर करने वालों को भी ज्यादा किराया देना होगा.

दाम क्यों बढ़ाने पड़े?

महानगर गैस (MGL) का कहना है कि इस बार कीमत बढ़ाने की बड़ी वजह गैस की खरीद लागत में तेज बढ़ोतरी है. कंपनी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़े गैस के दाम बढ़े हैं. इसके पीछे चल रहा मिडिल ईस्ट संकट भी एक बड़ी वजह है.

दूसरी तरफ CNG की मांग बढ़ने की वजह से MGL को महंगी दरों पर इम्पोर्टेड स्पॉट RLNG (रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) खरीदनी पड़ रही है. यानी आसान भाषा में समझें तो मामला ये है कि CNG की मांग बढ़ी, घरेलू/दूसरे स्रोतों से उपलब्ध गैस से जरूरत पूरी नहीं हुई, ज्यादा महंगी इंपोर्टेड गैस खरीदनी पड़ी और कंपनी की लागत बढ़ गई. इसी बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा अब उपभोक्ताओं पर डाला गया है.

दिल्ली में पहले से महंगी हुई है गैस

मुंबई से पहले दिल्ली-NCR में सेवाएं देने वाली इंद्रप्रस्थ गैस (IGL) ने भी तीन दिन पहले, 29 अगस्त को CNG के दाम 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 86.98 रुपये प्रति किलो कर दिए थे. यानी देश के दो सबसे बड़े महानगरों में गैस की कीमतें लगभग एक जैसी बढ़त की तरफ बढ़ रही हैं, जिससे साफ है कि यह सिर्फ स्थानीय नहीं बल्कि व्यापक स्तर पर इनपुट कॉस्ट का मसला है.

Share This Article