Oyo की पैरेंट कंपनी प्रिज्म होटल्स एंड रिजॉर्ट्स (Prism Hotels and Resorts) ने अपना अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेयरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल कर दिया है. SEBI में दाखिल इस अर्ज़ी के बाद Oyo अब मार्केट में डेब्यू करने के लिए एक कदम और करीब आ गई है.
इस IPO में 100% फ्रेश इश्यू जारी किए जाएंगे, जिसकी वैल्यू 6,650 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस इश्यू में ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा यानी मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपनी हिस्सेदारी नहीं बेच रहे हैं. जैसे- सबसे बड़े संस्थागत निवेशकों में से एक SVF India Holdings, कंपनी के फाउंडर रितेश अग्रवाल, माइक्रोसॉफ्ट, Airbnb, ख़ज़ाना, लाइटस्पीड, RA हॉस्पिटैलिटी होल्डिंग्स, पीक XV और ग्रीनओक्स कैपिटल.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी पब्लिक इश्यू से पहले 1,330 करोड़ रुपये का एक प्री-IPO भी लेकर आ रही है. अगर कंपनी IPO आने से पहले ही उस ‘प्री-IPO प्लेसमेंट’ के जरिए कुछ पैसा जुटा लेती है, तो फ्रेश इश्यू से उतनी रकम कम हो जाएगी.
जैसा कि शुरुआत में ही बताया गया कि ये प्रिज्म होटल्स का अपडेटेड IPO DRHP है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने दिसंबर 2025 में अपना ड्राफ्ट पेपर्स गोपनीय तरीके से फाइल किया था. मनीकंट्रोल ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि तब कंपनी 7-8 बिलियन डॉलर की वैल्युएशन लेकर चल रही थी. हालांकि ये उस वैल्युएशन से काफी कम है, जब कंपनी ने साल 2021 में IPO लाने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में रद्द कर दिया था.
कहां होगा पैसों का इस्तेमाल
अपडेटेड DRHP के मुताबिक कंपनी इश्यू से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कई कामों में करेगी, लेकिन 4,987.5 करोड़ रुपये सिर्फ कर्जों को चुकाने में किया जाएगा, इस तरह से कंपनी अपनी बैलेंस शीट को बेहतर करने की कोशिश करेगी.
बची हुई बाकी रकम का इस्तेमाल कंपनी के रोजमर्रा के खर्चों, बिजनेस को बढ़ाने या अन्य सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा.
कंपनी की वित्तीय स्थिति
IPO लाने से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी है, इस पर एक नज़र डालते हैं
- FY26 के पहले 9 महीनों में कंपनी की आय 6,941 करोड़ रुपये रही है, जबकि FY25 में 6,259 करोड़ रुपये थी यानी 11% ज्यादा है.
- 9M FY26 PAT यानी मुनाफा 748 करोड़ रुपये दर्ज हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में ये 245 करोड़ रुपये ही था.
- EBITDA एक साल में ही दोगुना हुआ है. FY25 में 953 करोड़ रुपये था, 9M FY26 में 2,127 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है
प्रिज्म का बिज़नेस
प्रिज्म एक टेक्नोलॉजी ड्रिवेन हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म है. यानी App या Software के जरिए हॉस्पिटैलिटी बिज़नेस करती है. दुनिया भर में कंपनी का बड़ा नेटवर्क है. 31 दिसंबर 2025 तक के डेटा के मुताबिक ये दुनिया के 35 से ज्यादा देशों में काम कर रही है और इसके तहत कुल 43 ब्रांड्स काम करते हैं. इसके नेटवर्क में 24,303 होटल्स शामिल हैं. कंपनी के पोर्टफोलियो में 1,24,668 होम्स स्टे शामिल हैं. कुल 1,44,583 लिस्टिंग्स हैं.
कंपनी ने भारत में पिछले कुछ महीनों में काफी तेज़ विस्तार किया है. इस कुल नेटवर्क में से भारत में 14,937 कंपनी-सर्विस्ड स्टोरफ्रंट्स हैं यानी ऐसे होटल या पार्टनर्स जिन्हें कंपनी खुद सीधे अपनी सर्विस और सपोर्ट देती है. भारत में कंपनी-सर्विस्ड होटल स्टोरफ्रंट्स की संख्या 9 महीने पहले सिर्फ 1,053 थी, जो दिसंबर के अंत तक तेजी से बढ़कर 1,573 हो गई. भारत में होने वाली कंपनी की कुल बुकिंग वैल्यू जिसे Gross Booking Value – GBV कहते हैं, उसका करीब 50% हिस्सा अकेले इन्हीं होटलों से आता है.
कंपनी की तरक्की में अमेरिका से होने वाले बिज़नेस का बहुत बड़ा हाथ है. कंपनी ने जबसे से अमेरिका की G6 Hospitality को खरीदा है, कंपनी का बिजनेस तेजी से बढ़ा है. G6 हॉस्पिटैलिटी वही कंपनी है जो अमेरिका के मशहूर Motel 6 और Studio 6 ब्रांड्स को चलाती है. पिछले पूरे साल (FY25) में जहां अमेरिका से करीब 4,713 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई थी, वहीं इस साल FY26 के शुरुआती 9 महीनों में ही यह कमाई लगभग तीन गुना बढ़कर 12,000 करोड़ रुपये के पार निकल गई है.

