Paytm Payments Bank Winding Up: अगर आप उन लाखों लोगों में से हैं जो Paytm Wallet, Paytm Payments Bank का सेविंग्स अकाउंट या इसी बैंक से जुड़ा FASTag इस्तेमाल करते रहे हैं, तो ये खबर सीधे आपकी जेब से जुड़ी है. दिल्ली हाईकोर्ट ने Paytm Payments Bank Ltd. (PPBL) को पूरी तरह बंद करने यानी वाइंडिंग-अप का आदेश दे दिया है. मतलब, जिस बैंक के साथ आपने कभी अकाउंट खोला था, उसका वजूद एक इंडिविजुअल बैंकिंग यूनिट के तौर पर खत्म हो चुका है. तो अब सबसे जरूरी सवाल, अगर आपके पैसे इसमें पड़े हैं तो उनका क्या होगा? अब आपको क्या करना चाहिए? चलिए इसको ही समझते हैं.
पहले जानिए कोर्ट ने क्या आदेश दिया
पहले मामला समझ लीजिए कि आखिर हुआ क्या है, और कोर्ट ने क्या आदेश दिया है ताकि आपको मामले की गंभीरता का अंदाजा हो सके. दिल्ली हाईकोर्ट ने RBI की याचिका पर 8 जुलाई 2026 को ये आदेश दिया कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक को बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949 की धारा 38 और 39 के तहत बंद किया जाए. ये फैसला उस लंबी प्रक्रिया का अंतिम चरण है जो कई साल पहले RBI की सख्ती से शुरू हुई थी और अप्रैल 2026 में बैंक का लाइसेंस रद्द होने पर आकर टिक गई थी.
जस्टिस अनीश दयाल ने पूर्व SBI अधिकारी गिरिकुमार एम नायर को बैंक का ऑफिशियल लिक्विडेटर नियुक्त किया है. इसका सीधा मतलब ये है कि 8 जुलाई से बैंक के बोर्ड की सारी शक्तियां अब लिक्विडेटर के हाथ में हैं. यानी बैंक का रोज़मर्रा का कामकाज, ग्राहकों के पैसों का हिसाब-किताब, और आगे की पूरी प्रक्रिया अब उन्हीं की निगरानी में होंगी.
आदेश के मुताबिक, लिक्विडेटर को दो महीने के भीतर कोर्ट में एक शुरुआती रिपोर्ट भी देनी है, जिसमें बताया जाएगा कि बैंक की संपत्ति, देनदारियां और डिपॉज़िटर्स के पैसों का स्टेटस क्या है. इसके बाद 22 जुलाई और 29 जुलाई को कोर्ट ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए लिक्विडेटर को कानूनी सलाहकार के तौर पर एक बड़ी लॉ फर्म, AZB & Partners, नियुक्त करने की भी मंज़ूरी दे दी, ताकि वाइंडिंग-अप के दौरान हर कानूनी पहलू पर सही सलाह मिलती रहे.
ALSO READ –
कैसे शुरू हुई यह पूरी कहानी
पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ RBI का टकराव कोई नई बात नहीं है. आज से चार साल पहले 2022 में ही रेगुलेटर ने बैंक को नए खाते खोलने से रोक दिया था. ये तीसरी बार था जब बैंक पर इस तरह की कार्रवाई रेगुलेटर की ओर से की गई. इसके बाद 2024 की शुरुआत में RBI ने एक और बड़ा झटका दिया, जब उसने बैंक को डिपॉज़िट, क्रेडिट प्रोडक्ट्स और उसके लोकप्रिय वॉलेट सर्विस को 29 फरवरी तक बंद करने का निर्देश दिया. ये पेटीएम के लिए बहुत बड़ा झटका था. इसका अंदाजा इसी बात से लगा लीजिए कि खबर के बाद पेटीएम का शेयर एक ही दिन में करीब 20% तक टूट गया. वजह थी पेटीएम की ओर से बार-बार कंप्लायंस का पालन नहीं करना और गंभीर सुपरवाइजरी चिंताएं.
इसी सिलसिले की अगली और आखिरी कड़ी अप्रैल 2026 में आई, जब RBI ने बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट की धारा 22(4) के तहत पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस ही कैंसिल कर दिया. RBI का कहना था कि बैंक का कामकाज उसके अपने और उसके डिपॉज़िटर्स के हितों के खिलाफ चलाया जा रहा था, बैंक का मैनेजमेंट आम जनता और डिपॉज़िटर्स के हित में काम नहीं कर रहा था.
दिलचस्प ये रहा कि बैंक ने खुद भी विरोध नहीं जताया. लाइसेंस रद्द होने के अगले ही दिन बोर्ड ने वॉलिंटरी वाइंडिंग-अप को मंज़ूरी दे दी. बीच में बैंक ने एक बार RBI के सामने प्रस्ताव रखने की बात कही, कोर्ट ने 8 हफ्ते का समय भी दिया, लेकिन 14 जून को बोर्ड ने फैसला किया कि कोई प्रस्ताव नहीं दिया जाएगा, और यहीं से कोर्ट ने वाइंडिंग-अप की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू किया.
आपके पैसे का क्या होगा?
ये था कहानी का आखिरी पड़ाव. अब अगला और सबसे ज़रूरी सवाल कि जिन लोगों का अकाउंट पेटीएम पेमेंट बैंक में है, उनका क्या होगा? इस पूरी कार्रवाई के बाद RBI ने साफ तौर पर कहा है कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक के पास इतनी लिक्विडिटी मौजूद है कि वाइंडिंग-अप की स्थिति में भी हर डिपॉज़िटर का पूरा पैसा लौटाया जा सके. इसका मतलब है कि जिन ग्राहकों का पैसा अभी भी बैंक में जमा है, उनके डूबने का खतरा नहीं है.
पेटीएम ऐप पर क्या फर्क पड़ेगा?
सबसे पहले यह समझना ज़रूरी है कि “पेटीएम” नाम की छतरी के नीचे असल में दो पूरी तरह अलग-अलग कंपनियां काम करती हैं, और लोगों की सबसे बड़ी उलझन यहीं से शुरू होती है. एक है पेटीएम पेमेंट बैंक और दूसरी One97 Communications जिसे हम पेटीएम ऐप बोलते हैं. दोनों अलग-अलग काम करती हैं.
कोर्ट के आदेश के बाद जो बंद हो रहा है वो पेटीएम पेमेंट बैंक (PPBL) है, जो कि एक इंडिपेंडेंट बैंक है. ये सेविंग अकाउंट, वॉलेट, FASTag जैसी बैंकिंग सेवाएं देता है. तो कोर्ट के आदेश के बाद ये सारी सेवाएं बंद हो जाएंगी.
One97 Communications पर कोर्ट के आदेश से कोई लेना-देना नहीं. ये शेयर बाज़ार में लिस्टेड फिनटेक कंपनी, जो पेटीएम ऐप और ब्रांड चलाती है. ये UPI ऐप, मर्चेंट पेमेंट, टिकट बुकिंग जैसी टेक-प्लेटफॉर्म सेवाएं चलाती है.
देखिए, जनवरी 2024 में जब RBI ने पहली बार पेमेंट्स बैंक पर डिपॉज़िट और टॉप-अप रोकने का आदेश दिया था, उसी समय से One97 Communications ने अपनी पूरी बैंकिंग बैकएंड प्रोसेसिंग को PPBL से हटाकर Axis Bank जैसे दूसरे पार्टनर बैंकों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया था.
किन सेवाओं पर असर, किस पर नहीं
कंपनी ने अपनी स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में ये बात साफ कर दी थी कि PPBL में उसका निवेश पूरी तरह NPA अकाउंट में डाला जा चुका है, और अब दोनों के बीच कोई कारोबारी रिश्ता नहीं बचा है. इसलिए कोर्ट के आदेश का नीचे दी गई सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
इन सेवाओं पर असर नहीं होगा
- पेटीएम UPI ऐप: पेमेंट भेजना-पाना पहले की तरह चलता रहेगा, क्योंकि अब ये Axis Bank जैसे पार्टनर बैंकों के ज़रिए प्रोसेस होता है.
- मर्चेंट QR कोड: दुकानदार पहले की तरह पेमेंट ले सकेंगे, इस आदेश का इस पर कोई असर नहीं होगा
- बिल पेमेंट, रिचार्ज, टिकट बुकिंग जैसी बाकी प्लेटफॉर्म सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी. इनका PPBL से कभी सीधा बैंकिंग रिश्ता नहीं रहा
देखिए पेटीएम पेमेंट्स बैंक में लेन-देन तो पहले ही बंद हो चुका है.
- अगर आपका PPBL में सेविंग्स या करंट अकाउंट है तो इन्हें अब लिक्विडेशन प्रक्रिया के तहत बंद किया जाएगा और आपका पैसा वापस मिलेगा.
- ज्यादातर लोगों ने इसके वॉलेट से पहले ही पैसे निकाल लिए हैं, मगर ऐसे कुछ लोग हैं जिन्होंने नहीं निकाला है तो उनका पैसा अब क्लेम प्रोसेस के तहत मिलेगा.
- PPBL से जारी FASTag और NCMC कार्ड तो 2024 से ही बंद हैं. जिन्होंने अब तक नया FASTag नहीं लिया, उन्हें दूसरे बैंक से लेना होगा.
उम्मीद है कि आपको समझ आ गया होगा कि Paytm ऐप और आपकी रोज़मर्रा की सर्विसेज़ पर कोई असर नहीं होगा. ये सबसे बड़ी गलतफहमी है जो लोगों में हो सकती है. कुल मिलाकर, अगर आपका पैसा दो साल पहले ही दूसरे बैंक में शिफ्ट हो चुका है, तो आपके लिए यह खबर सिर्फ जानकारी के लिए है, लेकिन अगर आप उन गिने-चुने डिपॉज़िटर्स में हैं जिनका पैसा अब भी पेटीएम पेमेंट्स बैंक में पड़ा है, तो घबराने की बात नहीं, पैसा सुरक्षित है, बस अब आधिकारिक क्लेम प्रोसेस के एलान का इंतज़ार करना होगा.
ALSO READ –
