कार खरीदने की सोच रहे हैं तो जल्दी फैसला कर लीजिए, क्योंकि मारुति और Hyundai के बाद अब बाकी ऑटो कंपनियां भी गाड़ियों के दाम बढ़ाने जा रही हैं. टाटा मोटर्स (TMPV) अपनी कारों के दाम 1 सितंबर, 2026 से 25,000 रुपये तक बढ़ाएगी. टाटा मोटर्स ने अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में ये कहा है कि बढ़ोतरी सभी गाड़ियों की कीमतों में की जाएगी, हालांकि मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी अलग-अलग होगी. ये बढ़ोतरी सिर्फ पेट्रोल या डीज़ल इंजन की कारों तक सीमित नहीं है, इसमें इलेक्ट्रिक कारें भी शामिल हैं. टाटा मोटर्स ने इस तिमाही में दूसरी बार गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की है. इसके पहले 1 जुलाई 2026 से कीमतें 1.5% बढ़ाईं थीं.
क्यों बढ़ाईं कीमतें
कीमतों में बढ़ोतरी करने की वजह वही है, जो सारी ऑटो कंपनियां देती हैं. टाटा मोटर्स का कहना है कि कमोडिटीज की लागत और पूरी दुनिया में जियो-पॉलिटिकल अनिश्चितताओं की वजह से ये बढ़ोतरी करनी पड़ रही है. कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि ये कीमतों में बदलाव बढ़ती इनपुट लागत और लगातार बनी हुई महंगाई के दबाव के असर को आंशिक रूप से कम करने के लिए किया जा रहा है. कंपनी के मुताबिक, Tata Motors Passenger Vehicles (TMPV) इन बढ़ी हुई लागतों का एक बड़ा हिस्सा खुद उठा रही है, लेकिन इसका कुछ हिस्सा कीमतों में बढ़ोतरी के रूप में ग्राहकों पर डाला जा रहा है.
टाटा की ये गाड़ियों हो जाएंगी महंगी
टाटा मोटर्स भारत में कई पैसेंजर व्हीकल्स बेचती है, जिनमें Tiago, Altroz, Tigor, Punch, Nexon, Curvv, Harrier और Safari शामिल हैं. कंपनी का इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो भी तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें Tiago, Tigor, Punch, Curvv और Harrier के EV मॉडल बाजार में काफी बिकते हैं. इसके अलावा कंपनी जल्द ही Sierra का इलेक्ट्रिक वर्जन भी लॉन्च करने वाली है. इन सभी गाड़ियों के दाम 1 सितंबर से बढ़ जाएंगे. हालांकि, अभी ये पता नहीं चला है कि किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ेगी या 1 सिंतबर के बाद ग्राहकों को कितनी ज्यादा कीमत चुकानी होगी. कंपनी ने सिर्फ इतना कहा है कि कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल के हिसाब से अलग होगी.
बाकी कार कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम
कीमतें बढ़ाने में सारी कंपनियां कभी-कभी एक साथ तो कभी आगे पीछे ऐलान करती हैं. मारुति और महिंद्रा इस साल पहले ही 2-3 बार दाम बढ़ा चुके हैं. जबकि Hyundai ने सितंबर में कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. अब इंतज़ार है कि क्या मारुति और महिंद्रा फिर से दाम बढ़ाएंगे.
Hyundai की कारें भी सितंबर से महंगी
इसके एक दिन पहले यानी 20 अगस्त को साउथ कोरिया की कंपनी Hyundai ने भी कीमतों में 1% की बढ़ोतरी का ऐलान किया था. यानी 25,000-30,000 के बीच गाड़ियां महंगी हो जाएंगी, बढ़ी हुई कीमतें 1 सितंबर, 2026 से लागू हो जाएंगी. ये Hyundai की ओर से इस साल की गई तीसरी बढ़ोतरी है. इसके पहले कंपनी ने 1 जनवरी से गाड़ियों के दाम 0.6% बढ़ाए थे और फिर अप्रैल में भी 1% गाड़ियों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया था, जो कि 1 मई से लागू होने थे, मगर जून से लागू हुए. इस बढ़ोतरी के बाद गाड़ियों के दाम
12,800 रुपये तक बढ़ गए
Maruti पहले ही बढ़ा चुकी दाम
गाड़ियों के दाम बढ़ाने के मामले में मारुति से आगे कोई नहीं. अभी पिछले महीने यानी अगस्त में मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने अपनी कारों को महंगा किया था. 1 अगस्त, 2026 से मारुति की गाड़ियां 30,000 रुपये तक महंगी हो चुकी हैं. इसके पहले जून में भी मारुति ने अपनी कारें 30,000 रुपये तक महंगी की थीं. मतलब सिर्फ 3 महीने में ही मारुति की गाड़ियां 60,000 रुपये तक महंगी हो चुकी हैं, और इस साल मारुति की ये तीसरी बढ़ोतरी है. हर बार की तरह ही, इस बार भी मारुति का कहना है कि कमोडिटी की बढ़ती कीमतों और इनपुट लागत की वजह से उन्हें कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं.
Mahindra भी पीछे नहीं
अपनी SUV के लिए मशहूर महिंद्रा ने गाड़ियों के दाम दो बार बढ़ाए हैं. 2 अप्रैल 2026 को कंपनी ने अपनी SUVs और कमर्शियल गाड़ियों के दाम 2.5% तक बढ़ाने का ऐलान किया था, ये बढ़ोतरी 6 अप्रैल से लागू हुई. इसके बाद एक बार फिर महिंद्रा ने 10 जुलाई से SUVs की कीमतों में औसतन 2.7% और कमर्शियल गाड़ियों की कीमतों में 2% की बढ़ोतरी कर दी. यानी इस साल महिंद्रा पहले ही दो बार कीमतें बढ़ा चुका है. फिलहाल कंपनी ने आगे किसी बढ़ोतरी का ऐलान नहीं किया है, लेकिन Q1 नतीजों के बाद कंपनी के CFO ने कहा था कि महिंद्रा ने जुलाई में दूसरी बार कीमतें बढ़ाई हैं, फिलहाल तत्काल कोई और बढ़ोतरी की योजना नहीं है, आगे का फैसला कमोडिटी कीमतों पर निर्भर करता है.
