अगर आपकी सैलरी SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट (SBI Salary Package Account ) में आती है और आप पैसे निकालने के लिए अक्सर किसी दूसरे बैंक के ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है. 1 अक्टूबर 2026 से SBI सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स को दूसरे बैंकों के ATM पर मिलने वाली मंथली फ्री लेन-देन की लिमिट आधी हो जाएगी.
अभी तक ऐसे ग्राहकों को दूसरे बैंकों के ATM और ADWM यानी ऑटोमेटेड डिपॉजिट कम विद्ड्रॉल मशीन (Automated Deposit cum Withdrawal Machine) पर हर महीने 10 फ्री ट्रांजैक्शंस मिलते हैं, लेकिन 1 अक्टूबर से अब उन्हें सिर्फ 5 ट्रांजैक्शंस मिलेंगे. SBI ने इस बदलाव की जानकारी अपनी संशोधित सर्विस चार्ज पॉलिसी में दी है. यानी अगर आप महीने में कई बार दूसरे बैंक के ATM से कैश निकालते हैं या बैलेंस चेक जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको अब थोड़ा ज्यादा सावधान रहना होगा.
नियम किस पर लागू होगा?
ये बदलाव सिर्फ SBI सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स के लिए है. इसमें सैलरी पैकेज अकाउंट के सभी वेरिएंट्स शामिल हैं. लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि हर SBI ग्राहक को अब सिर्फ 5 फ्री ATM ट्रांजैक्शन ही मिलेंगे. सामान्य SBI सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स के लिए ये बदलाव नहीं किया गया है. उनके लिए दूसरे बैंकों के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा पहले जैसे ही मिलती रहेगी
कौन-कौन से ट्रांजैक्शंस पर लागू होगा नियम
यह 5 ट्रांजैक्शन सिर्फ कैश निकालने तक सीमित नहीं हैं. बैलेंस चेक करना, मिनी स्टेटमेंट निकालना जैसी नॉन-फाइनेंशियल सर्विसेज भी इसी पांच की गिनती में शामिल होंगे. मतलब अगर आपने महीने में 3 बार बैलेंस चेक किया और 2 बार कैश निकाला, तो आप पहले ही अपनी फ्री लिमिट पार कर चुके होंगे.
एक और बदलाव भी है. पहले मेट्रो और नॉन-मेट्रो शहरों के लिए अलग-अलग नियम होते थे, लेकिन अब SBI ने ये भेद खत्म कर दिया है. यानी चाहे आप दिल्ली में हों या किसी छोटे कस्बे में, नियम पूरे देश में एक जैसे लागू होंगे.
फ्री लिमिट के बाद लगेगा चार्ज?
SBI ने भले ही ATM फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट को आधा किया है, लेकिन इसके बाद लगने वाले चार्जेस को नहीं बढ़ाया है.
- फ्री लिमिट के बाद कैश निकालने के बाद प्रति ट्रांजैक्शन 23 रुपये + GST देना होगा
- नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन (जैसे बैलेंस इंक्वायरी) पर 11 रुपये + GST देना होगा
यानी अगर आपने महीने में अपनी पांच फ्री ट्रांजैक्शन इस्तेमाल कर लीं और छठी बार किसी दूसरे बैंक के ATM से पैसे निकाले, तो आपको सीधे ₹23 प्लस GST चुकाना होगा.
कार्डलेस कैश निकासी पर राहत
अगर आप ATM से कार्डलेस कैश निकालते हैं, तो फिलहाल इस सुविधा पर भी कोई नया चार्ज नहीं लगाया गया है. SBI के मुताबिक SBI और दूसरे बैंकों के ATM/ADWM पर कार्डलेस कैश निकासी की सुविधा में अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शंस मिलेंगे.
BSBD अकाउंट होल्डर्स के लिए नियम बदले
SBI जहां सैलरी पैकेज अकाउंट वालों के लिए ATM से फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट को आधा किया है, वहीं बेसिक सेविंग्स डिपॉजिट अकाउंट यानी BSBD अकाउंट होल्डर्स के लिए भी 1 अक्टूबर 2026 से कैश निकासी के नियमों में बदलाव किया है. BSBD अकाउंट होल्डर्स को महीने में सिर्फ 4 फ्री कैश निकासियां ही मिलेंगी. इसके बाद हर कैश निकासी पर पर ₹15 + GST चार्ज लगेगा.
इसमें ब्रांच, ATM, माइक्रो ATM, AePS और CASH@POS जैसे चैनल्स से किए गए कैश निकासी शामिल हैं। हालांकि UPI, IMPS, NEFT, RTGS और POS के जरिए किए जाने वाले डिजिटल फंड ट्रांसफर्स पर ये चार्ज लागू नहीं होगा.
