अगर आप मारुति की कार लेने का प्लान कर रहे हैं तो आपको अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. मारुति सुज़ुकी (Maruti Suzuki) ने इस साल तीसरी बार अपनी कारों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है. इस बार कीमतों में 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. हालांकि ये बढ़ोतरी चुनिंदा मॉडल्स पर ही लागू होगी. जबकि इसके पहले दो बार कीमतें बढ़ाईं गईं थी वो पूरे पोर्टफोलियो के लिए थीं. हर बार की तरह इस बार भी कंपनी ने कीमतें बढ़ाने के पीछे महंगाई और बढ़ती लागत को बताया है. फिलहाल ये साफ नहीं है कि किन मॉडलों और वेरिएंट्स पर ये बढ़ोतरी लागू होगी.
मई से अब तक तीन बार बढ़े दाम
मारुति ने इस साल सबसे पहले 21 मई को दाम बढ़ाने का ऐलान किया था, जब जून से पूरी रेंज में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी. कंपनी ने उस समय कहा था कि उसने लागत घटाने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन बढ़ती इनपुट लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना ज़रूरी हो गया. इसके बाद अगस्त में दूसरी बार पूरी रेंज में 30,000 रुपये तक दाम बढ़ाए गए थे. जुलाई में एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया था कि ये बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडलों में अलग-अलग होगी.
कीमतों में बढ़ोतरी अप्रैल में कंपनी के मैनेजमेंट की चेतावनी के बाद हुई थी, जिसमें कहा गया था कि बढ़ती कमोडिटी कीमतों की वजह से कंपनी को कुछ लागत ग्राहकों पर डालनी पड़ेगी. उस वक्त कंपनी ने कहा था कि उसे सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं आई, हालांकि वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष ने गाड़ियों की मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले तेल, गैस और मेटल्स की कीमतें बढ़ा दी थीं.
बिक्री में बढ़ोतरी के बावजूद कीमतें बढ़ीं
कारों की कीमतें तब बढ़ाई जा रही हैं, जब पैसेंजर व्हीकल की बिक्री पिछले साल के मुकाबले बहुत मजबूत हुई है. कंपनी की घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 29% बढ़कर 1.85 लाख यूनिट पर पहुंच गई. पैसेंजर कार सेगमेंट में भी इतनी ही रफ्तार से यानी 29% की बढ़ोतरी हुई और ये आंकड़ा 85,965 यूनिट रहा. घरेलू बाज़ार में मजबूत प्रदर्शन के उलट, कंपनी के एक्सपोर्ट में इस दौरान गिरावट दर्ज की गई. मारुति का एक्सपोर्ट सालाना आधार पर 7% घटकर 33,844 यूनिट रह गया.
टाटा और ह्युंदई पहले ही बढ़ा चुके हैं दाम
फेस्टिव सीजन से पहले सिर्फ मारुति ही नहीं, बल्कि दूसरी कार कंपनियों ने भी सितंबर से दाम बढ़ाने का ऐलान पहले ही कर दिया था. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने 1 सितंबर से अपनी कारों और SUVs की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी. ह्युंदई मोटर इंडिया ने भी सितंबर से अपनी पूरी रेंज में 1% तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया.

